अमीरपुर गढ़ी के प्राथमिक विद्यालय में प्रवेश उत्सव का आयोजन

-शिक्षक अभिभावक गोष्ठी में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बच्चों को किया गया पुरस्कृत

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मुरादनगर के प्राथमिक विद्यालय अमीरपुर गढ़ी में प्रवेश उत्सव एवं शिक्षक अभिभावक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष रविन्द्र राणा व विशिष्ट अतिथि शैक्षिक महासंघ के जिला महामंत्री कनक सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष डा अनुज त्यागी ने बताया कि कार्यक्रम का प्रयोजन गत सत्र में कक्षा में स्थान प्राप्त करने वाले एवं अन्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित कराना एवं शत प्रतिशत नामांकन के लिए लोगों को जागरूक करना था। कार्यक्रम में दीप प्रज्वलित कर अतिथियों का स्टॉल पहनाकर व पौधा देकर स्वागत किया गया।इसके पश्चात गत सत्र में परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा में प्रथम द्वितीय व तृतीय बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया।

कक्षा 6 हेतु नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली छात्रा परी गौतम को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त सर्वाधिक उपस्थित रहने वाले, सर्वाधिक अनुशासित एवं सक्रिय छात्र को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कक्षा 5 उत्तीर्ण कर विद्यालय से जाने वाले बच्चों का भी विशेष संदेश पत्र देकर उनका अभिनंदन किया गया। इसके अतिरिक्त बच्चों के शैक्षिक स्तर में सहयोग करने वाले सक्रिय अभिभावकों को व विद्यालय के दोनों रसोइयों व सफाई कर्मी को भी सम्मानित किया गया। स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत जिलाध्यक्ष रविन्द्र राणा  द्वारा विद्यालय में बच्चों का नामांकन भी किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा विद्यालय में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सभी शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रविन्द्र राणा ने विद्यालय के प्रांगण में वृक्षारोपण भी किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ने कहा कि यह एक निपुण विद्यालय है और इस प्रकार के कार्यक्रमों से न केवल बच्चों का उत्साहवर्धन होता है बल्कि अभिभावकों को भी विद्यालय से जुड़े रहने की प्रेरणा मिलती है, इससे ना केवल समाज में जागरूकता आती है बल्कि स्वयं में भी उत्तरदायित्व निर्वहन का सुखद आभास होता है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि शैक्षिक महासंघ के जिला महामंत्री कनक सिंह ने कहा कि विद्यालय की शिक्षा का स्तर किसी भी निजी विद्यालय से कहीं अच्छा है। उन्होंने उपस्थित सभी ग्रामवासियों से विद्यालय में अधिकाधिक नामांकन कराने की अपील की।

सभी अतिथियों द्वारा मुरादनगर ब्लॉक के नवनिर्वाचित ए आर पी मीनाक्षी यादव व नीना का भी स्टाल पहनाकर व पौधा भेंट कर अभिनंदन किया गया।कार्यक्रम में उपस्थित सभी अभिभावकों एवं अतिथियों द्वारा सर्व शिक्षा अभियान के तहत रैली निकाली गई एवम शत प्रतिशत नामांकन कराने हेतु शपथ भी कराई गई। विद्यालय की खूबसूरती एवं व्यवस्था को देखकर सभी अतिथियों ने समस्त स्टाफ की भूरि भूरि प्रशंसा की। कार्यक्रम का संचालन निशी रानी शर्मा ने किया। इस अवसर पर शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष रविन्द्र राणा, प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ अनुज त्यागी शैक्षिक महासंघ के जिला मंत्री कनक सिंह, मुरादनगर के अध्यक्ष अमित यादव, श्रुति तिवारी, अर्चना, राजेश चौबे, निशी रानी शर्मा, राम किशोर गौतम, मीरा ,रूबी मिश्रा, शीला, रेखा आदि उपस्थित रहे।