-नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने जनसुनवाई में तुरंत दिलाई राहत, स्वास्थ्य विभाग के संदर्भों पर त्वरित कार्यवाही
-संभव जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याओं पर विभागीय अधिकारियों ने तत्परता से की कार्यवाही
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम गाजियाबाद द्वारा मंगलवार को संभव जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत जनसुनवाई का आयोजन नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की अध्यक्षता में किया गया। इस जनसुनवाई में कुल 10 संदर्भ प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश स्वास्थ्य विभाग से संबंधित थे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर ही त्वरित कार्यवाही करते हुए समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया। जनसुनवाई के दौरान सभी विभागीय अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने अपने-अपने विभाग से संबंधित प्रकरणों पर कार्यवाही की। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, संयुक्त नगर आयुक्त ओमप्रकाश और उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।
नगर आयुक्त के निर्देशानुसार इन सभी संदर्भों पर तुरंत कार्यवाही की गई। अधिकांश संदर्भ पटेल नगर, लोहिया नगर, नंदग्राम और वैशाली क्षेत्रों से प्राप्त हुए। मौके पर वार्ड संख्या 24 के पार्षद ने अपने क्षेत्र की समस्याएं नगर आयुक्त के समक्ष रखीं, विशेष रूप से अवैध अतिक्रमण पर सख्त कार्यवाही की मांग की गई। बृज विहार क्षेत्र के निवासियों ने ग्रीन बेल्ट को सुव्यवस्थित करने की मांग रखी, जिस पर नगर आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को संयुक्त रूप से कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त वैशाली क्षेत्र से सड़क निर्माण, सफाई व्यवस्था के सुधार और पार्कों की सफाई के संदर्भ भी उठाए गए, जिन पर तत्काल संज्ञान लिया गया।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि हमारा उद्देश्य है कि संभव जनसुनवाई कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। हर विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी संदर्भ को अनदेखा न किया जाए और मौके पर ही यथासंभव कार्यवाही की जाए। नागरिकों की भागीदारी और सुझाव हमारे लिए मूल्यवान हैं, और हम उनके सहयोग से शहर को और बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। नगर निगम की इस सक्रियता से नागरिकों में संतोष की भावना देखने को मिली और संभव जनसुनवाई कार्यक्रम आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एक कारगर मंच साबित हो रहा है।
विभागों से प्राप्त संदर्भों की सूची:
• निर्माण विभाग से 1 संदर्भ
• स्वास्थ्य विभाग से 3 संदर्भ
• उद्यान विभाग से 1 संदर्भ
• संपत्ति विभाग से 1 संदर्भ
• टैक्स विभाग से 1 संदर्भ
• जलकल विभाग से 2 संदर्भ
• अतिक्रमण से संबंधित 1 संदर्भ

















