अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की संपत्ति नीलाम

ग्रामीण ने 1.10 करोड़ में खरीदी यह प्रॉपर्टी

मुंबई। अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की एक और संपत्ति की नीलामी कर दी गई है। यह संपत्ति एक करोड़ 10 लाख रुपए में बिकी है। ग्रामीण रविंद्र काटे ने सबसे ऊंची बोली लगाकर यह संपत्ति खरीदी है। अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की संपत्तियों की नीलामी करने का सिलसिला जारी है। दाऊद इब्राहिम की खेड में संपत्ति थी। इस संपत्ति को रत्नागिरी के ग्रामीण रविंद्र काटे ने खरीदा है। रविंद्र ने सबसे ज्यादा दाम की बोली लगाई थी। ऑनलाइन नीलामी में ग्रामीण रविंद्र ने एक करोड़ 10 लाख से ज्यादा की बोली लगाई। यह बोली सबसे ऊंची रहने के कारण रविंद्र को संपत्ति बेच दी गई। वैसे इस संपत्ति की बेस प्राइज एक करोड़ 9 लाख 15 हजार 500 रुपये थी। इस संपत्ति में 80 गुंटा भूमि शामिल है। इस संपत्ति को नवंबर में अन्य 6 संपत्तियों के साथ नीलाम किया जाना था, मगर अंतिम समय में तकनीकी गड़बड़ी पकड़ में आने पर उस समय संपत्ति की नीलामी नहीं की गई थी। इस बार 4 अन्य संपत्तियों के साथ दाऊद इब्राहिम की संपत्ति की नीलामी की गई। नीलाम की गई संपत्तियों में कुख्यात इकबाल मिर्ची की भी संपत्ति शामिल है। इससे पहले दाऊद इब्राहिम की 6 संपत्तियों की नीलामी की जा चुकी है। इन संपत्तियों को दिल्ली के 2 वकीलों ने खरीदा था। मुंबई में साल 1993 में सीरियल बम ब्लास्ट के बाद से दाऊद इब्राहिम फरार चल रहा है। दाऊद की संपत्ति की नीलामी कर सरकार ने अच्छी कमाई की है। बता दें कि दाऊद लंबे समय से पाकिस्तान की शरण में है। पाकिस्तान में रहकर वह अपने अनैतिक कार्यों को अंजाम देता रहा है। दाऊद इब्राहिम को लेकर समय-समय पर तरह-तरह की खबरें सामने आती रही हैं। इस कुख्यात अपराधी को भारत लाने की सभी कोशिशें नाकाम रही हैं। हालांकि सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।