– थानों की कायापलट और नशे के खिलाफ अभियान होगा तेज
-पुलिस आयुक्त ने सख्त निर्देश, थानों में सुविधाएं बेहतर हों, नशे के कारोबार पर चले ताबड़तोड़ एक्शन
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट में कानून व्यवस्था और जनता के प्रति जवाबदेही को लेकर अब बड़ी कार्रवाई की तैयारी है। पुलिस आयुक्त जे. रविन्द्र गौड़ के नेतृत्व में मंगलवार को पुलिस लाइन्स स्थित परमजीत हॉल में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें अपराध एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में एडिशनल पुलिस कमिश्नर कानून व्यवस्था एवं अपराध आलोक प्रियदर्शी,एडिशनल पुलिस कमिश्नर कल्पना सक्सेना,पुलिस उपायुक्त सिटी राजेश कुमार,पुलिस उपायुक्त निमिष पाटिल,पुलिस उपायुक्त सुरेंद्रनाथ तिवारी,एडीसीपी ट्रैफिक पीयूष कुमार सिंह,एडीसीपी प्रोटोकॉल आनंद सिंह एवं एसीपी आदि अधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस आयुक्त ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले के सभी थानों का नियमित निरीक्षण अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने थानों के भवनों के जीर्णोद्धार और वहां बुनियादी सुविधाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि थानों में आने वाले आम नागरिकों और पुलिसकर्मियों, दोनों को बेहतर वातावरण मिलना चाहिए। पुलिस आयुक्त जे. रविन्द्र गौड़ ने कहा कि थाना पुलिस का चेहरा होता है, और जब तक वहां व्यवस्था और व्यवहार दुरुस्त नहीं होगा, तब तक जनता का भरोसा पूरी तरह कायम नहीं हो सकता। हमारा फोकस हर स्तर पर पेशेवर, जिम्मेदार और जवाबदेह पुलिसिंग स्थापित करना है। बैठक में अवैध नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए जिलेभर में विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि नशे की वजह से न केवल युवाओं का भविष्य खतरे में है, बल्कि इससे जुड़े अपराध भी तेजी से बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि नशे का नेटवर्क जितना गहरा है, उतनी ही सख्ती से इसे जड़ से खत्म करना हमारी प्राथमिकता है। आने वाले दिनों में इससे जुड़े हर छोटे-बड़े अपराधी पर कार्रवाई होगी। गोष्ठी में अन्य विषयों पर भी मंथन हुआ, जैसे थाना प्रबंधन, अपराध नियंत्रण, जनता से संवाद, और संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बढ़ाना। आयुक्त ने निर्देशित किया कि सभी पुलिस अधिकारी नियमित फील्ड विजिट करें और जनता के बीच पुलिस की सकारात्मक मौजूदगी सुनिश्चित करें।
















