राशनकार्ड धारकों को 9 से 25 मई तक मिलेगा नि:शुल्क राशन: अमित तिवारी

-अंत्योदय और पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को गेहूं और चावल का मुफ्त वितरण
-सुबह 6 से रात 9 बजे तक खुले रहेंगी दुकानें, शिकायत के लिए जारी किए गए अधिकारीयों के नंबर

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। राशनकार्ड धारकों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। गाजियाबाद जिले में 9 मई से 25 मई तक राशन कार्डधारकों को नि:शुल्क राशन वितरित किया जाएगा। यह वितरण राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत खाद्य एवं रसद विभाग के आयुक्त के निर्देशानुसार किया जा रहा है। जिला आपूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने जानकारी दी कि जनपद में आवंटित खाद्यान्न का वितरण सभी उचित दर की दुकानों से तय समयावधि में नि:शुल्क किया जाएगा। अंत्योदय राशन कार्डधारकों को प्रति कार्ड 14 किलोग्राम गेहूं और 21 किलोग्राम चावल मिलेगा। वहीं पात्र गृहस्थी कार्ड पर प्रति यूनिट 2 किलोग्राम गेहूं और 3 किलोग्राम चावल दिए जाएंगे। राशन वितरण का समय सुबह 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक निर्धारित किया गया है ताकि अधिक से अधिक लोग लाभ ले सकें।

प्रत्येक राशन डीलर को निर्देशित किया गया है कि वे प्रतिदिन सीमित संख्या में टोकन वितरित करें, जिससे कार्डधारकों को सुविधा हो और भीड़ न लगे। वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु नोडल अधिकारी की निगरानी में यह कार्य संपन्न होगा और ई-पॉस मशीनों के माध्यम से वितरण किया जाएगा। मोबाइल ओटीपी आधारित सत्यापन की अंतिम तिथि 25 मई निर्धारित की गई है। पोर्टेबिलिटी के तहत उपभोक्ता अन्य दुकानों से भी राशन ले सकेंगे, बशर्ते संबंधित डीलर के पास स्टॉक उपलब्ध हो। जिला प्रशासन ने अपील की है कि सभी कार्डधारक सहयोग करें और निर्धारित समय में अपना राशन प्राप्त करें।

अधिकारी तिवारी ने यह भी निर्देश दिया कि सभी उचित दर दुकानदार अपने दुकान पर राशन वितरण की सूचना पूर्व में चस्पा कर दें ताकि कार्डधारकों को जानकारी मिल सके और किसी प्रकार का भ्रम न हो। सभी क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी व पूर्ति निरीक्षक स्वयं क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर वितरण कार्य की निगरानी करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि हर पात्र व्यक्ति को निर्धारित मात्रा में राशन मिले। इस योजना से जिले के हजारों गरीब और जरूरतमंद परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और खाद्य सुरक्षा की दिशा में यह एक अहम कदम साबित होगा। यदि किसी उपभोक्ता को कोई समस्या आती है तो वे निम्न अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।

• जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी – 9319582708

• मोदीनगर क्षेत्रीय अधिकारी विनोद भारती – 9528871403

• लोनी क्षेत्रीय अधिकारी आनंद प्रभु सिंह – 8126491720

• सदर गाजियाबाद अधिकारी कृपाशंकर – 9935722673

• क्षेत्रीय अधिकारी विशाल यादव – 7906871761

जनपद में राशनकार्ड धारकों को 9 से 25 मई तक नि:शुल्क राशन वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। वितरण प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और अनुशासन के साथ होगी। सभी उचित दर विक्रेताओं को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित समय पर दुकानें खोलें और टोकन प्रणाली से लाभार्थियों को सुव्यवस्थित तरीके से राशन उपलब्ध कराएं। राशन वितरण ई-पॉस मशीन और मोबाइल ओटीपी सत्यापन के जरिए किया जाएगा ताकि किसी तरह की गड़बड़ी की कोई संभावना न रहे। हमने सभी क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों और पूर्ति निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि वितरण कार्य पर निगरानी बनी रहे और किसी भी शिकायत का त्वरित समाधान हो सके। यदि किसी भी लाभार्थी को राशन लेने में कोई परेशानी आती है, तो वे सीधे मेरे या संबंधित क्षेत्रीय अधिकारियों के मोबाइल नंबर पर संपर्क करें। हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जनपद का हर पात्र व्यक्ति समय पर और पूरी मात्रा में राशन प्राप्त कर सके।
अमित तिवारी
जिला पूर्ति अधिकारी