-महापौर सुनीता दयाल के नेतृत्व में सर्वदलीय सहयोग से 30 मई को होगा भव्य समारोह, 5000 से अधिक लोग होंगे शामिल
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर एक ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने जा रहा है, जब पुण्यश्लोक रानी अहिल्याबाई होल्कर जी के जन्म के 300 वर्ष पूर्ण होने पर 30 मई को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में एक भव्य व गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। महापौर सुनीता दयाल के नेतृत्व में यह आयोजन न केवल नगर निगम बल्कि पूरे शहर की सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बनने जा रहा है। महापौर सुनीता दयाल ने इस कार्यक्रम को सर्वसमावेशी और ऐतिहासिक बनाने के लिए शुक्रवार को बैठक का आयोजन किया, जिसमें सभी सर्वदलीय पार्षदगण शामिल हुए। महापौर ने बताया कि प्रत्येक पार्षद को यह दायित्व सौंपा गया है कि वे अपने-अपने वार्ड से कम से कम 50 प्रबुद्ध नागरिकों को कार्यक्रम में आमंत्रित करें, जिसमें महिलाओं और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस कार्यक्रम में रानी अहिल्याबाई जी के जीवन, संघर्ष और योगदान को प्रस्तुत किया जाएगा।
विशेष रूप से महिलाएं उनके जीवन पर आधारित साहित्य व विचार प्रस्तुत करेंगी, जिससे नई पीढ़ी को प्रेरणा मिल सके। महापौर ने यह भी घोषणा की कि शहर के किसी बड़े पार्क या प्रमुख चौराहे का नाम रानी अहिल्याबाई होल्कर चौक रखा जाएगा, जिसके लिए प्रस्ताव नगर निगम की बैठक में पारित किया जाएगा। बैठक के उपरांत महापौर ने पाल समाज के प्रतिनिधियों के साथ भी विचार-विमर्श किया। उन्होंने समाज के लोगों से अनुरोध किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित होकर इसे गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक बनाएं। महापौर ने कहा कि रानी अहिल्याबाई न केवल पाल समाज की महान विभूति थीं, बल्कि वे समस्त समाज और धर्म के लिए पूजनीय हैं। उनके विचार और कार्य आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने उस युग में थे।
बैठक में पार्षद विरेन्द्र त्यागी, प्रवीण चौधरी, राज कुमार नगर, नरेश जाटव, मनोज गोयल, राजकुमार चौधरी, पवन गौतम, रेखा गोस्वामी, बीना गौतम, देवनारायण शर्मा, नीरज गोयल, कन्हैया लाल, शीतल चौधरी, सुमनलता पाल, धीरज अग्रवाल, शशि खेमका, रामनिवास बंसल, साजिदा, सुनैना चौहान, मनोज त्यागी, बिजेंद्र चौहान, राजीव भाटी, अमित त्यागी सहित दर्जनों नामचीन जनप्रतिनिधि व सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद थे। पाल समाज की ओर से भी रामकिशन पाल, राकेश पाल, सुरेश पाल, ब्रजपाल, महेन्द्र सिंह पाल, ओमवीर सिंह पाल, सुभाष पाल, हरीश पाल सहित शहर के कोने-कोने से बड़ी संख्या में गणमान्य लोग बैठक में शामिल हुए और आयोजन को पूर्ण समर्थन देने का भरोसा दिलाया। महापौर ने स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि रानी अहिल्याबाई होल्कर के महान योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम है।

















