51 परीक्षा केंद्र पर 25 को होगी यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा, प्रशासन सतर्क

-एडीएम रणविजय सिंह ने दी जिम्मेदार अधिकारियों को आवश्यक ट्रेनिंग, अभ्यर्थियों को सख्त हिदायतें

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। 25 मई 2025 को प्रस्तावित संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी दीपक मीणा के निर्देशन में शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रणविजय सिंह की अध्यक्षता में परीक्षा की सफल एवं सुचारू रूप से संचालन के लिए प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण शिविर डॉ एपीजे अब्दुल कलाम सभागार, जीजीआईसी विजयनगर में सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण सत्र के दौरान एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह ने निर्देशित किया कि यूपीएससी द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरश: पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं जैसे हवादार कमरे, स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था इत्यादि हर हाल में सुनिश्चित होनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि इस परीक्षा के लिए जनपद गाजियाबाद में 51 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था हेतु 3 सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, 7 जोनल मजिस्ट्रेट, 18 सेक्टर मजिस्ट्रेट, और 51 एलआईओ (लीएजनिंग ऑफिसर) तैनात रहेंगे। साथ ही पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी भी मौजूद रहेंगे, जिससे किसी भी प्रकार की असुविधा या सुरक्षा चूक न हो। प्रशिक्षण सत्र में बताया गया कि परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक होगी। अभ्यर्थियों को नियत समय से कम से कम 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होने की सख्त हिदायत दी गई है। प्रथम पाली के लिए 9:00 बजे और द्वितीय पाली के लिए 2:00 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रशिक्षण में उपस्थित अधिकारियों ने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि वह अभ्यर्थियों तक इन दिशा-निर्देशों को पहुँचाएं, जिससे कोई भ्रम या त्रुटि न हो। इस अवसर पर एडीएम एफ/आर सौरभ भट्ट, जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र, और एसीपी सूर्यबली मौर्य सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने अपने-अपने स्तर से महत्वपूर्ण निर्देश साझा किए।

सख्त प्रतिबंध: इलेक्ट्रॉनिक उपकरण व क्लॉक रूम नहीं
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी परीक्षा केंद्र पर क्लॉक रूम की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी, इसलिए अभ्यर्थी अपने साथ कोई भी मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ईयरफोन, पेन ड्राइव, ब्लूटूथ डिवाइस आदि न लाएं। यदि कोई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण साथ पाया गया तो वह आयोग की परीक्षा नीति के तहत कदाचार माना जाएगा।

अनिवार्य दस्तावेज: एडमिट कार्ड व मूल फोटो पहचान पत्र
प्रशिक्षण में विशेष रूप से यह भी बताया गया कि सभी अभ्यर्थियों को अपने एडमिट कार्ड के साथ एक मूल फोटो पहचान पत्र (जैसे आधार, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट आदि) लाना अनिवार्य होगा। इसके बिना परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।