उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। सेक्टर-1, वैशाली स्थित नीलपद्म कुंज सोसाइटी में गाजियाबाद नगर निगम द्वारा भारी हाउस टैक्स लगाए जाने के विरोध में बुधवार को स्थानीय निवासियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पूर्व पार्षद मनोज गोयल का घेराव करते हुए नगर निगम की इस कार्रवाई को जनविरोधी बताया और तत्काल समाधान की मांग की। विरोध कर रहे नागरिकों ने आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा अचानक टैक्स की राशि में भारी बढ़ोतरी की गई है, जिससे आमजन खासे परेशान हैं। निवासियों ने कहा कि यह निर्णय बिना किसी पूर्व सूचना या संवाद के लागू कर दिया गया है, जो पूरी तरह अनुचित है। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने नारेबाज़ी करते हुए पार्षद से यह मांग की कि इस मुद्दे को नगर निगम के उच्च अधिकारियों के समक्ष तुरंत उठाया जाए और टैक्स में की गई अनुचित वृद्धि को वापस लिया जाए।
इस मौके पर पूर्व पार्षद मनोज गोयल ने प्रदर्शनकारी नागरिकों को आश्वासन दिया कि वे इस विषय में जल्द ही नगर निगम के अधिकारियों से बात करेंगे और समाधान की दिशा में प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि नागरिकों के हितों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी और जल्द ही स्थिति में सुधार कराया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान सोसाइटी के अध्यक्ष अंशुल काचरू सहित कई प्रमुख नागरिक मौजूद रहे। इनमे दीपक गौड़, निशांत मेहरा, लोकेश राठौर, रेखा गुप्ता, जेपी सरकार, पंकज, अखिल अहलावत, वीरेंद्र सारस्वत, लता शर्मा, शशांक उपाध्याय, मुनीश रावत, सुधीर जैन, विवेक शर्मा, अरुण श्रीवास्तव, सुशील कडू, उषा कॉल, मंजू कुलश्रेष्ठ, नारंग, राजकुमार अग्रवाल, अनुज गर्ग, नरेश गुप्ता, रोशन सिंह, डी गुल्लू, दीपा बिष्ट, शैलेंद्र, दिनेश गुप्ता, अमित धर और विवेक चतुर्वेदी जैसे दर्जनों निवासी शामिल थे। विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और यह स्थानीय नागरिकों के असंतोष और एकजुटता का प्रतीक बन गया। प्रदर्शनकारियों ने यह स्पष्ट किया कि यदि उनकी माँगों को जल्द नहीं माना गया, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। स्थानीय निवासियों का यह प्रदर्शन नगर प्रशासन के लिए एक बड़ा संदेश है कि नीतिगत निर्णयों में पारदर्शिता और जनसहमति अत्यंत आवश्यक है। अब यह देखना होगा कि नगर निगम इस जनविरोध को कितनी गंभीरता से लेता है और समाधान की दिशा में क्या कदम उठाता है।
















