-त्योहार को शांति, स्वच्छता और सौहार्द के साथ मनाने की अपील, नाहल गांव के अपराधियों से न डरने का संदेश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। आगामी 7 जून को मनाए जाने वाले बकरीद पर्व को लेकर जिले में शांति, स्वच्छता और सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से मसूरी थाना परिसर में सोमवार को पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी ने की, जिसमें क्षेत्र के प्रमुख ग्राम प्रधानों, मौलानाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि बकरीद के मौके पर प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी स्थिति में न की जाए। साथ ही यह भी कहा गया कि कुर्बानी सार्वजनिक स्थलों, सड़कों या खुले स्थानों पर न की जाए और न ही पशुओं के अवशेष खुले में छोड़े जाएं। अवशेषों के उचित निस्तारण के लिए ग्राम पंचायत द्वारा निर्धारित स्थानों का उपयोग किया जाए।
उन्होंने बताया कि त्योहार के दौरान साफ-सफाई और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। डीसीपी ने नाहल गांव के संदर्भ में कहा कि वहां के लगभग 50 हिस्ट्रीशीटरों और 300 अपराधी प्रवृत्ति के लोगों ने गांव का माहौल लंबे समय से खराब किया है। लेकिन अब पुलिस कार्रवाई के चलते ये लोग गांव छोड़ चुके हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे डरें नहीं, अपने घर लौटें और त्योहार को अपने परिवार के साथ शांतिपूर्वक और उल्लास के साथ मनाएं। इस बैठक में मसूरी, नाहल, ढ़बारसी, कुशलिया, कल्लूगढ़ी, बड़का, सिकरोड़ा, निडौरी आदि गांवों के प्रधान, मौलाना और सम्मानित नागरिक मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में प्रशासन को आश्वस्त किया कि बकरीद का पर्व नियमों के तहत शांतिपूर्वक और साफ-सुथरे ढंग से मनाया जाएगा।















