ईद से पहले सफाई और रोशनी के निगम ने किए पुख्ता इंतजाम

-नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक ने किया मुस्लिम बहुल क्षेत्रों का दौरा, 150 सफाई मित्र और 18 गाडिय़ां तैनात

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। ईद के पावन अवसर पर नगर निगम ने सफाई व्यवस्था और परंपरागत तैयारियों को लेकर कमर कस ली है। बुधवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शहर के मुस्लिम बहुल इलाकों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। दौरे के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, जलापूर्ति, प्रकाश व्यवस्था और अपशिष्ट प्रबंधन जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान देने की बात कही। नगर आयुक्त के साथ चीफ इंजीनियर निर्माण एन.के. चौधरी, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, अधिशासी अभियंता देशराज सिंह, सहायक अभियंता संजय गंगवार और अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान केला भट्टा, इस्लामनगर, मिर्जापुर, विजयनगर, अर्थला और पसोंडा जैसे इलाकों में सफाई व्यवस्था की समीक्षा की गई।

नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि मस्जिदों और ईदगाहों के पास पानी के टैंकर, टॉयलेट, रोशनी और कचरा प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की जाए ताकि नमाजियों को किसी तरह की परेशानी न हो। पीएसी चौक क्षेत्र में स्थानीय लोगों द्वारा नालों की सफाई और सुरक्षा जाली लगाने की मांग पर उन्होंने निर्माण विभाग को तत्काल कार्रवाई करने का आदेश दिया। ईद को देखते हुए महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त ने विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के आदेश जारी किए हैं।

नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताया कि 18 कवरड गाडिय़ों को अपशिष्ट उठाने के लिए विशेष रूप से लगाया गया है, जो तीन दिनों तक लगातार कार्य करेंगी। इसके अलावा करीब 150 सफाई मित्रों की तैनाती मुस्लिम बहुल इलाकों में की गई है, जो विशेष सफाई अभियान को अंजाम देंगे। नगर निगम ने यह भरोसा दिलाया है कि ईद के दौरान नगर क्षेत्र में साफ-सुथरा और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। नगर आयुक्त ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि त्योहार के दौरान खुले में कचरा न फेंकें और स्वच्छता बनाए रखें।