-भीषण गर्मी में जनहित सर्वोपरि, अफसरों को दिए 24×7 सप्लाई सुनिश्चित करने के निर्देश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। प्रचंड गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति को लेकर बढ़ती चिंताओं के मद्देनज़र विधायक संजीव शर्मा एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। उन्होंने शुक्रवार को बहरामपुर स्थित पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के पावर हाउस का औचक निरीक्षण किया और बिजली विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में शहरवासियों को किसी भी सूरत में बिजली कटौती का सामना न करना पड़े। विधायक संजीव शर्मा ने निरीक्षण के दौरान कहा कि भीषण गर्मी में बिजली की निर्बाध आपूर्ति किसी भी प्रशासनिक प्राथमिकता से कम नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिशासी अभियंता नवम इमरान, उपखंड अधिकारी मनीष कुमार, और सब स्टेशन ऑपरेटर विकास कुमार से पावर हाउस की वर्तमान स्थिति, ट्रांसफॉर्मर लोड, और फॉल्ट रिस्पॉन्स सिस्टम की जानकारी ली।
मीडिया सलाहकार अजय चोपड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि विधायक ने अधिकारियों से कहा कि जरूरत पडऩे पर अतिरिक्त जनरेटर, तकनीकी स्टाफ और हॉटलाइन सुविधा जैसी व्यवस्थाओं को भी सक्रिय रखा जाए ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत समाधान संभव हो। निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिक भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे और उन्होंने विधायक के सामने अपनी बिजली संबंधी समस्याएं रखीं। कुछ इलाकों में अघोषित कटौती, कम वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग की शिकायतें सामने आईं। विधायक संजीव शर्मा ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों से कहा कि वह जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को रिकॉर्ड पर लें और समयबद्ध ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करें।
इस निरीक्षण ने यह संकेत स्पष्ट कर दिया कि विधायक संजीव शर्मा जनप्रतिनिधि के दायित्व को केवल मंच तक सीमित नहीं रखते, बल्कि जमीन पर उतरकर कार्यों की निगरानी करने में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि यदि बिजली आपूर्ति को लेकर कोई भी लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
गाजियाबाद समेत पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। ऐसे में विधायक का यह कदम न सिर्फ प्रशासन को सतर्क कर रहा है, बल्कि जनता में भी राहत की उम्मीद जगा रहा है।

















