-एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव की सख्ती से अपराधियों में दहशत, 10 बाइक और एक स्कूटी बरामद
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। दिल्ली-एनसीआर में दोपहिया वाहन चुराकर उन्हें ठिकाने लगाने वाले शातिर गैंग का पर्दाफाश करते हुए इंदिरापुरम पुलिस ने पांच युवकों को गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की। इस कार्रवाई के पीछे एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव की योजनाबद्ध रणनीति और कड़ी निगरानी का अहम योगदान रहा, जिनकी सख्त कार्यशैली से क्षेत्र में अपराधियों में खौफ का माहौल बन गया है। पकड़े गए आरोपियों में छिजारसी, सेक्टर-63 की गली नंबर दो का रहने वाला सागर शर्मा बीकॉम का छात्र है, जबकि अन्य आरोपी रोहित, आशु, आकाश उर्फ कल्लू और नीरज हैं, जो अधिकतम 12वीं पास हैं।
एसीपी ने बताया कि गिरोह का सरगना रोहित है और आशु ने अपने मौसेरे भाई नीरज को भी इस गैंग में शामिल कर लिया था। थाना प्रभारी निरीक्षक रवेंद्र गौतम और उनकी टीम ने इंदिरापुरम क्षेत्र से इन शातिर चोरों को धर-दबोचा। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने कनावनी स्थित बंद नाले की झाडिय़ों से चोरी की गई 10 मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की है। इन सभी वाहनों को गिरोह द्वारा दिल्ली-एनसीआर से चोरी कर छिपाया गया था। एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को सख्ती से पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि गिरोह अन्य वारदातों में भी शामिल हो सकता है और उनकी कडिय़ां अब जोड़ी जा रही हैं। अन्य संभावित सहयोगियों की तलाश जारी है।
उन्होंने कहा हम अपराधियों को चैन से जीने नहीं देंगे। क्षेत्र में कानून का राज कायम रहेगा और हर अवैध गतिविधि पर कड़ी कार्रवाई होगी। इस कार्रवाई से साफ हो गया है कि गाजियाबाद पुलिस, विशेष रूप से इंदिरापुरम क्षेत्र में एसीपी श्रीवास्तव के नेतृत्व में अपराध पर लगाम कसने के लिए पूरी तरह सतर्क और सजग है। लगातार हो रही सख्त कार्रवाई से आम नागरिकों में विश्वास और अपराधियों में डर का माहौल देखा जा रहा है।

















