उदय भूमि संवाददाता
दिल्ली। नेशनल डिज़ाइन सेंटर द्वारा विकास आयुक्त (हथकरघा), वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से आयोजित “स्पेशल हैंडलूम एक्सपो” की शुरुवात जनपथ स्थित हैंडलूम हाट में हो चुकी है। यह आयोजन 20 जून से 27 जून 2025 तक चलेगा। यह प्रदर्शनी विशेष रूप से योगा हैंडलूम उत्पादों को समर्पित है, जो हर दिन सुबह 11:00 बजे से रात 8:00 बजे तक खुली रहेगी ।
21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित इस एक्सपो का उद्देश्य भारतीय हथकरघा परंपरा को योग जैसी वैश्विक जीवनशैली से जोड़ना है। इस प्रदर्शनी में देशभर से आए 20 प्रतिभागी अपने हस्तनिर्मित, पारंपरिक व पर्यावरण-अनुकूल योग उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे, जिनमें हथकरघा योगा मैट, सूती व खादी के आसन, ध्यान हेतु चादरें, प्रिंटेड कुर्ते और प्राकृतिक रंगों से तैयार वस्त्र जैसे उत्पाद प्रमुख आकर्षण का केंद्र हैं।
यह पहल न केवल देश के शिल्पकारों और बुनकरों को मंच देने के लिए है, बल्कि लोगों को आत्मनिर्भर और टिकाऊ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करती है। यह एक्सपो एक ऐसा मंच है जहाँ भारतीय हस्तकला, योग और पर्यावरण संरक्षण – तीनों का समावेश देखने को मिलता है। दर्शक यहाँ न केवल उत्पादों की खरीद कर सकते हैं, बल्कि बुनकरों से संवाद कर उनके कार्य की गहराई को भी समझ सकते हैं।
वस्त्र मंत्रालय और नेशनल डिज़ाइन सेंटर का यह प्रयास भारतीय हथकरघा उद्योग को नया जीवन देने, कारीगरों को प्रोत्साहित करने और भारत के पारंपरिक उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो ‘आत्मनिर्भर भारत’ की परिकल्पना को साकार करने में भी सहायक सिद्ध हो रहा है।

















