बुलडोजर का कहर: शोभापुर की 3 अवैध कॉलोनियां जमींदोज, 3 ओयो होटल सील

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की प्रवर्तन टीम ने अनधिकृत कॉलोनियों और अवैध निर्माणों पर शिकंजा कसते हुए शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर मुरादनगर क्षेत्र की तीन अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया गया, जिनका फैलाव करीब 22 बीघा जमीन पर था। इसके साथ ही, अवैध रूप से संचालित तीन ओयो होटल्स को भी सील कर दिया गया।
यह कार्रवाई प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी अधिशासी अभियंता वीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में की गई, जिसमें सहायक अभियंता विनय वर्मा और अवर अभियंता योगेश कुमार वर्मा भी शामिल रहे। पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर सभी निर्माण जमींदोज कर दिए गए।

शोभापुर गांव के खसरा संख्या-340 पर करीब 7 बीघा क्षेत्र में सुधीर चौधरी और संतोष कुमार द्वारा अवैध प्लॉटिंग और इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण किया जा रहा था। इसी तरह, खसरा संख्या-86 पर मुकेश त्यागी, आदेश त्यागी और सचिन त्यागी द्वारा मिट्टी भराई कर सड़क और बाउंड्रीवाल तैयार की जा रही थी। वहीं, ग्राम बसंतपुर-सैंथली के खसरा संख्या-153 पर योगेंद्र सिंह, सुधीर अग्रवाल और अनिल त्यागी द्वारा चिनाई और सड़क निर्माण का काम चल रहा था।

जीडीए ने बुलडोजर चलाकर सभी अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया, जिसमें सड़कें, भूखंडों की बाउंड्रीवाल, साइट ऑफिस आदि शामिल थे। कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइजरों ने जमकर विरोध किया, लेकिन पुलिस बल ने मोर्चा संभालते हुए हालात पर काबू पा लिया। इसी क्रम में, मुरादनगर क्षेत्र में चल रहे तीन अवैध ओयो होटल्स को भी सील कर दिया गया। जीडीए ने साफ कर दिया है कि आगामी दिनों में इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी अवैध निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा।