निर्माण कार्यो का म्युनिसिपल कमिश्रर ने किया औचक निरीक्षण

निर्माण एवं सफाई व्यवस्था में खामियां मिलने पर अधिकारियों को लगाई फटकार

गाजियाबाद। शहर के सौंदर्यीकरण कार्य के साथ म्युनिसिपल कमिश्रर ने अब सड़क निर्माण कार्यो में उपयोग निर्माण सामाग्री की गुणवत्ता जांचने के साथ निर्माणधीन सड़क का भी औचक निरीक्षण शुरू कर दिया है। म्युनिसिपल कमिश्रर के औचक निरीक्षण से अधिकारियों में खलबली मच गई। शुक्रवार सुबह म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तंवर ने निर्माण और स्वास्थ्य अमले के साथ वार्ड-50 एवं वार्ड 11 में निर्माण एवं सफाई व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे। उन्हें टूटी सड़कें ,अवैध कब्जे और अनियोजित निर्माण जैसी कमियां मिलीं।

मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से नाराजगी जाहिर की और दिशा निर्देश जारी किए।
म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तवर ने शहर के प्रमुख मार्गो पर साफ-सफाई एवं निर्माण कार्यो के निरीक्षण के लिए शुक्रवार सुबह एसबीएम के नोडल अधिकारी अरुण कुमार मिश्रा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश ,निर्माण विभाग के चीफ अभियंता मोइनुद्दीन, जलकल विभाग के योगेंद्र यादव के साथ मोहननगर जोन में निर्माण कार्यो का औचक निरीक्षण किया, जिसमें निर्माण विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग की कमियां उजागर हुई।

निर्माण कार्यो एवं साफ-सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर मुख्य अभियंता मोइनुद्दीन एवं नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश को कड़ी चेतावनी दी की जल्द से जल्द सड़कों का निर्माण पूरा करने एवं सफाई व्यवस्था दुरूस्त किया जाए। जल्द ही खामियों को दूर करने के निर्देश दिए। निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी सूरत में समझौता बर्दाश्त नहीं होगा। वह समय समय पर सड़क की गुणवत्ता का निरीक्षण करते रहेंगे।

वहीं पार्षद की शिकायत पर म्युनिसिपल कमिश्रर ने वार्ड-50 एवं 11 का भी निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षदों के साथ नूरनगर स्थित तालाब का निरीक्षण किया। तालाब की स्थिति दयनीय देख म्युनिसिपल कमिश्रर ने तालाब की सफाई करने के साथ जलभराव को 3 दिन के अंदर हटाने के निर्देश दिए।