भतीजी बोली, डोनाल्ड ट्रंप को भेजा जाए जेल

मेरी ट्रंप ने चाचा को क्रूर व अपराधी करार दिया

वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर सगी भतीजी मेरी ट्रंप ने जमकर हमला बोला है। मेरी ने ट्रंप को अपराधी, क्रूर और विश्वासघाती करार देकर जेल भेजने की वकालत की है। उन्होंने कहा है कि व्हाइट हाउस से रूखस्त होने के बाद डोनाल्ड को सीधे जेल भेजा जाना चाहिए। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में हार के बाद से डोनाल्ड ट्रंप मुश्किलों में घिरे हैं। बुरे वक्त में उन्हें अपनों का साथ भी नहीं मिल रहा है। पहले खबर आई थी कि डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रंप उन्हें छोडऩे जा रही हैं। अब सगी भतीजी ने ट्रंप पर निशाना साधा है। मनोविज्ञानी एवं लेखिका मेरी ट्रंप अपने पिता के छोटे भाई डोनाल्ड की मुखर आलोचक हैं। उन्होंने इस विचारधारा को नकार दिया कि ट्रंप के खिलाफ मुकदमा चलाने से देश में राजनीतिक विभाजन और भी गहरा जाएगा। मेरी ट्रंप ने एसोसिएटेड प्रेस को दिए साक्षात्कार में कहा कि बार-बार यह कहा जाना निश्चित ही अपमानजनक है कि अमेरिकी नागरिक इससे निपट सकते हैं और हमें अब आगे बढऩा चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर वाकई में किसी के खिलाफ मुकदमा चलाया जाना चाहिए तो वह हैं डोनाल्ड, वरना इसका मतलब यह होगा कि हम उनसे भी खराब किसी व्यक्ति को स्वीकार करने के लिए खुद को तैयार कर रहे हैं। उधर, मेरी ट्रंप की टिप्पणी पर डोनाल्ड ट्रंप के प्रचार अभियान के प्रवक्ता ने कहा कि क्या उन्होंने बताया कि उनकी किताब है जो उन्हें बेचनी है। मेरी राष्ट्रपति ट्रंप के बड़े भाई फ्रेड जूनियर की बेटी हैं। उन्होंने घोषणा की थी कि वह अपने चाचा के विषय में लिखी किताब टू मच ऐंड नेवर इनफ, हाऊ माई फैमेली क्रिएटेड द वल्ड्र्स मोस्ट डैंजरस मैन की अगली कड़ी लिखने जा रही हैं। इस किताब का नाम द रेकनिंग। परिवार के संबंध में मेरी ट्रंप की पहली किताब जुलाई में प्रकाशित हुई थी। सितंबर में मेरी ने डोनाल्ड ट्रंप, उनके भाई रॉबर्ट ट्रंप और उनकी बहन मैरीयाने ट्रंप बैरी के खिलाफ कई लाख डॉलर की धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया था।