हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज पुन: संक्रमित
अंबाला। हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज फिर कोविड-19 (कोरोना वायरस) की चपेट में आ गए हैं। कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर उन्हें सिविल अस्पताल अंबाला कैंट में भर्ती कराया गया है। 15 दिन पहले उन्होंने कोरोना वैक्सीन के तीसरे चरण का पहला टीका भी लगवाया था। इसके बावजूद वह पुन: कोरोना संक्रमित हो गए हैं। हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने ट्वीट कर खुद के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी दी है। ट्वीट में उन्होंने कहा कि मैं कोविड-19 जांच में कोरोना पॉजिटिव पाया गया हूं। मैं सिविल अस्पताल अंबाला कैंट में भर्ती हूं। इस अस्पताल में मेरा इलाज चल रहा है। उन्होंने अनुरोध कर कहा है कि वह सभी जो मेरे निकट संपर्क में आए हैं, वह खुद कोरोना की जांच करा लें। बता दें कि विगत 20 नवंबर को कोरोना वैक्सीन के तीसरे चरण का पहला टीका गृह मंत्री अनिल विज को लगाया गया था। उन्हें अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल में यह टीका लगाया गया था। पीजीआई रोहतक की टीम की निगरानी में मंत्री ने वैक्सीन का टीका लगवाया था। इसके बाद 30 मिनट तक उन्हें निगरानी में रखा गया था। इससे पहले रोहतक पीजीआई की टीम ने मंत्री अनिल विज के रक्त का नमूना लिया था। पीजीआई रोहतक के वाइस चांसलर ने बताया था कि को-वैक्सीन के तीसरे चरण का ट्रायल शुरू हो गया है। सबसे पहले 200 वॉलंटियर्स को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज दी जा रही है। प्रत्येक वॉलंटियर्स को वैक्सीन की 2 डोज दी जाएंगी। पहली डोज देने के 28 दिन बाद दूसरी डोज दी जाएगी। भारत बायोटेक इंडियन कंपनी को-वैक्सीन नामक कोरोना की वैक्सीन पर काम कर रही है। हरियाणा में कोरोना संक्रमण निरंतर बढ़ रहा है। इससे निपटने के लिए सरकार हरसंभव कोशिशें कर रही है। नागरिकों से बार-बार कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की जा रही है।
















