शिक्षा के साथ स्वास्थ्य की दिशा में सार्थक पहल…कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल में नि:शुल्क योग प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ

-योग को दिनचर्या में शामिल करना आज की आवश्यकता: रितु चौधरी
-उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान लखनऊ के सहयोग से विद्यार्थियों को मिलेगा नियमित योग का प्रशिक्षण

उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल चिपियाना बुजुर्ग में विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास को ध्यान में रखते हुए सोमवार को नि:शुल्क योग प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत की है। यह शिविर उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान, लखनऊ के सहयोग से प्रारंभ किया गया है, जिसमें विद्यार्थियों को योग के विविध आसनों, प्राणायाम और ध्यान विधियों का नियमित प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस आयोजन का शुभारंभ सोमवार को माँ सरस्वती को पुष्प अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम में स्कूल के निदेशक विवेक चौधरी, प्रिंसिपल रितु चौधरी तथा संस्थान की प्रमाणित योग प्रशिक्षिका श्वेता शर्मा उपस्थित रहीं। कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल के निदेशक विवेक चौधरी ने कहा कि हमारे विद्यालय का उद्देश्य केवल अकादमिक शिक्षा तक सीमित नहीं है, हम चाहते हैं कि बच्चे शारीरिक और मानसिक रूप से भी सशक्त बनें। योग एक ऐसी प्राचीन विद्या है, जो बच्चों को अनुशासन, संतुलन और सकारात्मकता सिखाती है।

यह शिविर हमारी उस सोच का हिस्सा है, जिसमें हम विद्यार्थियों को सर्वांगीण विकास के अवसर देना चाहते हैं। विद्यालय की प्रधानाचार्या रितु चौधरी ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जि़ंदगी में बच्चों में तनाव, चिड़चिड़ापन और ध्यान की कमी जैसी समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। ऐसे में योग ही एक ऐसा माध्यम है जो उन्हें मानसिक स्थिरता, आत्म-नियंत्रण और आत्मबल प्रदान कर सकता है। हमारा प्रयास है कि हम योग को बच्चों की दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, जिससे उनका जीवन स्वस्थ और अनुशासित बन सके। उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान की योग प्रशिक्षिका श्वेता शर्मा ने छात्रों को योग की उपयोगिता, वैज्ञानिक आधार और दैनिक जीवन में इसकी भूमिका के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। उन्होंने कहा कि योग केवल कसरत नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक कला है। इससे न केवल शरीर लचीला बनता है, बल्कि मन भी शांत और एकाग्र होता है।

यदि बच्चे बचपन से ही योग से जुड़ जाएं, तो उनका संपूर्ण जीवन एक सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ सकता है। मैं कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल को बधाई देती हूँ, जो बच्चों के भविष्य को लेकर इतनी सजग पहल कर रहा है। कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल, चिपियाना, क्षेत्र का एक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान है जो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, नैतिकता और शारीरिक स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान देता है। यहां न केवल विद्यार्थियों को स्मार्ट क्लास, प्रयोगशालाएं और प्रतियोगी माहौल मिलता है, बल्कि समय-समय पर होने वाले योग, खेल, संगीत एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जाता है। शिविर की शुरुआत में ही बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने योग के प्रति रुचि दिखाई और इसे नियमित रूप से अभ्यास में लाने का संकल्प लिया।

यह नि:शुल्क योग शिविर न केवल बच्चों के स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाएगा, बल्कि उन्हें आत्म-नियंत्रण, आत्मबल और सकारात्मक जीवनशैली की ओर प्रेरित भी करेगा। कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल का यह प्रयास निश्चित ही एक मिसाल है जहां कक्षा की दीवारें केवल पाठ्यक्रम की सीमा नहीं बनतीं, बल्कि उनमें संस्कार, स्वास्थ्य और संतुलन की गूंज भी सुनाई देती है। इस दौरान स्कूल बच्चों में अभिषेक, आदित्य कुमार, आनंद कुमार पाण्डेय, अन्नू गोस्वामी, आराधना, आयूष, दक्ष कुमार, गौरव, गोपाल, गुनगुन, हिंमाशु, कनिका राठौर, कुमकुम वर्मा, मानसी कुमारी, नीशू कुमारी, पूजा, प्रियांशी, श्रृष्टि शर्मा, अमन माथुर, आर्यन, दीक्षा, हर्ष चौरसिया, कार्तिक, लक्ष्य सिंह, मानवी वेद, पिं्रस राठौर, शालनी गौतम समेत सैकड़ों बच्चों ने योग के गुर सीखें।