-नवागत जिलाधिकारी ने ट्रेजरी में संभाला कार्यभार, अधिकारियों से की परिचयात्मक बैठक
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद गाजियाबाद को स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त बनाना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। शासन की प्रत्येक योजना का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे, इसके लिए पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। यह संकल्प बुधवार को जनपद के नवागत जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में व्यक्त किया। ट्रेजरी में विधिवत कार्यभार ग्रहण करने से पहले जिलाधिकारी ने दूधेश्वरनाथ मंदिर पहुंचकर रुद्राभिषेक किया। इसके बाद कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय पहुंचे, जहाँ उन्होंने औपचारिक रूप से जिले की कमान संभाली। बाद में विकास भवन के दुर्गावती देवी सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने अपने प्रशासनिक दृष्टिकोण और प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने स्पष्ट कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का वृहद प्रचार-प्रसार कराया जाएगा ताकि हर पात्र नागरिक इनका लाभ उठा सके।
उन्होंने कहा कि किसानों, व्यापारियों, उद्यमियों, युवाओं और आमजन की समस्याएं सुनकर उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि जनपद के युवाओं को रोजगार से जोड़ना और जिले को विकास के हर क्षेत्र में आगे लाना उनकी कार्ययोजना का अभिन्न हिस्सा रहेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता मिशन, जल संरक्षण, वृक्षारोपण और पर्यावरणीय सुधार जैसे अभियानों को नई गति दी जाएगी। इसके लिए जनभागीदारी को आधार बनाया जाएगा, जिससे गाजियाबाद एक स्वच्छ, हरित, सुंदर और प्रदूषण मुक्त शहर बन सके। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने मीडियाकर्मियों से संवाद करते हुए आश्वस्त किया कि यदि उन्हें किसी स्तर पर समस्या आती है तो उसका शीघ्र और संवेदनशील समाधान किया जाएगा। उन्होंने मीडिया को शासन और जनता के बीच एक मजबूत सेतु बताया। प
दभार ग्रहण के बाद जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने प्रशासनिक अधिकारियों से परिचयात्मक भेंट की। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, एडीएम सिटी विकास कश्यप, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. संतोष उपाध्याय, एसडीएम सदर अरुण दीक्षित सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने उन्हें फूलों का गुलदस्ता भेंट कर औपचारिक स्वागत किया। राजस्थान के जयपुर में जन्मे आईएएस रविन्द्र कुमार मांदड़ वर्ष 2013 बैच के अधिकारी हैं। रामपुर, जौनपुर, फिरोजाबाद और आगरा जैसे महत्वपूर्ण जिलों में सफल प्रशासनिक दायित्व निभाने के बाद उन्होंने प्रयागराज में 900 से अधिक तालाबों का निर्माण कर जल संरक्षण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। उनके नेतृत्व में गाजियाबाद को भी हरित विकास और नवाचार की दिशा में नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
















