जीडीए का बुलडोजर बरपा रहा कहर, तीन अवैध कॉलोनियां जमींदोज

-उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर हुई कार्रवाई, 30,500 वर्गमीटर में अवैध कॉलोनियों का ध्वस्तीकरण
-ओएसडी राजीव रतन सिंह के नेतृत्व में चला अभियान, कॉलोनाइजरों का विरोध पुलिस ने लाठी फटकार कर किया शांत

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अनाधिकृत कॉलोनियों और अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्ती और तेज कर दी है। उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान के तहत मंगलवार को एक बार फिर मोदीनगर क्षेत्र में जीडीए की बुलडोजर कार्रवाई ने जोरदार संदेश दिया कि अब किसी भी अवैध निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा। जीडीए प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी एवं ओएसडी राजीव रतन सिंह के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। उनके साथ सहायक अभियंता विनय कुमार, अवर अभियंता योगेश वर्मा और अवर अभियंता राजन सिंह मौजूद रहे। जीडीए पुलिस बल और मोदीनगर थाना पुलिस की कड़ी निगरानी में तीन अलग-अलग स्थानों पर लगभग 30,500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में फैली अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया गया। मोदीनगर क्षेत्र के गांव कादराबाद में खसरा संख्या-728 पर संजीव कुमार राणा, अनुराग चौधरी, सर्वेश कुमार, अंशिका चौधरी, केशव पुत्र कंवरपाल द्वारा 9000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध कॉलोनी काटी जा रही थी।

बिना स्वीकृत मानचित्र के हो रहे निर्माण को देख जीडीए टीम ने बुलडोजर चलवाकर पूरी कॉलोनी को जमींदोज कर दिया। इसी प्रकार ग्राम आबिदपुर मानकी के खसरा संख्या-142 पर संजीव त्यागी पुत्र स्व. मंगल सेन द्वारा 4500 वर्गमीटर भूमि पर अवैध निर्माण किया जा रहा था। नक्शा न दिखा पाने पर चालान की कार्रवाई के साथ ही निर्माण कार्य ध्वस्त कर दिया गया। सबसे बड़ी कार्रवाई ग्राम बिसोखर में की गई, जहां राजेन्द्र सिंह, अनिरुद्ध कुमार, नितिन चौधरी, चन्द्रवीर और अन्य के द्वारा खसरा संख्या 335/2 व अन्य पर 17000 वर्गमीटर क्षेत्र में कॉलोनी विकसित की जा रही थी। वहां सड़कों, नालियों, बाउंड्रीवाल और कमरों को तोड़ते हुए बुलडोजर ने सबकुछ ध्वस्त कर दिया। जीडीए की कार्रवाई से कॉलोनाइज़र और निर्माणकर्ताओं में खलबली मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया, नारेबाजी भी की, लेकिन पुलिस बल ने लाठी फटकार कर स्थिति को नियंत्रण में लिया और जीडीए की कार्रवाई बिना किसी रुकावट के पूरी कराई।

कार्रवाई के दौरान ओएसडी राजीव रतन सिंह ने मौके पर लोगों से अपील करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति अनाधिकृत कॉलोनियों में भूखंड न खरीदे। न तो वहां बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी, और न ही वैधानिक मान्यता। जीडीए लगातार अवैध कॉलोनियों को चिन्हित कर उन्हें ध्वस्त कर रहा है और यह अभियान अगले महीने भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। जीडीए की इस लगातार सख्ती ने जहां आम जनता को राहत दी है, वहीं कॉलोनाइज़रों और निर्माण माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। जीडीए उपाध्यक्ष श्री अतुल वत्स के नेतृत्व में शहर को अवैध कब्जों और अवैध निर्माणों से मुक्त कराने का यह अभियान अब जनहित और कानून व्यवस्था का मजबूत उदाहरण बनता जा रहा है।