गैंगरेप का प्रयास, उप-प्रमुख सहित 5 गिरफ्तार
पटना। गन प्वाइंट पर बार डांसरों को नचाने और गैंगरेप के प्रयास का मामला प्रकाश में आया है। बंगाल की इन डांसरों की इज्जत और जान मुश्किल से बच पाई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने छापा मारकर मौके से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में फतुहा प्रखंड का उप-प्रमुख रजनीश कुमार भी शामिल है। पुलिस ने 2 पिस्टल, 4 जिंदा कारतूस और साढ़े 3 लाख रुपए भी बरामद किए हैं। सकुशल मुक्त सभी डांसरों को उनके घर भेजने की तैयारी चल रही है। पुलिस के मुताबिक जन्मदिन पार्टी में डांस करने का झांसा देकर बिहार और बंगाल से 4 डांसरों को गौरीचक बुलाया गया था। उप प्रमुख रजनीश कुमार और सहयोगी इन डांसरों को लेकर गौरीचक के चकबिहरी में सुनसान जगह में बने अर्धनिर्मित मकान में ले गए। वहां पिस्तौल का भय दिखा कर जबरन डांस करने का दबाव बनाने लगे। डांसरों ने जब डांस करने से मना किया तो आरोपियों ने गाली-गलौच और मारपीट की। डांसरों के साथ अश्लील हरकत भी की। आरोपियों की मंशा को भांपकर डांसरों ने इस बावत पटना पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी को घटना की सूचना दी। वरिष्ठ अधिकारी ने तुरंत पुलिस को कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ऐसे में हरकत में आई पुलिस ने सभी 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से डांसरों को सकुशल छुड़ा लिया गया। पुलिस अब डांसरों को उनके घर भेजने की तैयारी में जुटी है। पुलिस ने बताया कि मौके से 2 पिस्टल, 4 जिंदा कारतूस और साढ़े 3 लाख रुपए भी बरामद किए गए हैं। इस प्रकरण में किस वरिष्ठ अधिकारी ने पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए थे, इस बारे में पुलिस ने कोई जानकारी देने से इंकार कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
















