हिल्स हॉस्पिटल में दिव्या भटनागर की मौत
मुंबई। छोटे पर्दे की कलाकार दिव्या भटनागर का निधन हो गया है। कोविड-19 (कोरोना वायरस) की चपेट में आने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उपचार के दरम्यान सोमवार को तड़के उन्होंने दम तोड़ दिया। दिव्या की मौत से टीवी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। छोटे पर्दे के चर्चित धारावाहिक ये रिश्ता क्या कहलाता है में दिव्या भटनागर ने गुलाबो का किरदार निभाकर घर-घर में अपनी अलग पहचान बनाई थी। कुछ दिन पहले कोरोना संक्रमित होने के बाद उन्हें गोरेगांव के एसआरवी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद भी दिव्या की हालत बिगड़ती चली गई। ऑक्सीजन स्तर कम होने के कारण उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। अभिनेत्री दिव्या भटनागर ने कुछ दिनों पहले इंस्टाग्राम पर स्टोरी पोस्ट कर वीडियो का स्क्रीन शॉट शेयर किया था, जिसमें उन्होंने लिखा था कि हाय…मेरी इंस्टाग्राम फैमिली। मेरे अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना कीजिए। मैं आप सभी को प्यार करती हूं। दिव्या के एक दोस्त ने बताया कि दिव्या का निधन सुबह करीब 3 बजे हो गया। दिव्या को 7 हिल्स हॉस्पिटल में शिफ्ट कर दिया गया था। रात अचानक 2 बजे उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई थी। उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। तदुपरांत 3 बजे डॉक्टर ने बता दिया कि दिव्या अब इस दुनिया में नहीं हैं। यह खबर मेरे और दिव्या के परिवार के लिए बहुत बड़ा सदमा है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। उधर, दिव्या भटनागर के निधन पर साथ निभाना साथिया फेम देवोलीना भट्टाचार्य ने शोक जताया है। देवोलीना ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि जब कोई किसी के सथ नहीं होता था तो बस तुम ही होती थी। मुझे पता है तुम्हारा जीवन बेहद मुश्किलों से भरा था। तकलीफ बरदाश करने लायक नहीं थी, पर आज मुझे पता है कि तुम एक बेहतर जगह हो।
















