-बिल्डर ने बनाया था अतिरिक्त तल, जीडीए ने गिराया एक-एक कॉलम
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा अवैध निर्माणों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार कार्रवाई जारी है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के स्पष्ट निर्देशों पर गुरुवार को साहिबाबाद क्षेत्र स्थित शालीमार गार्डन में दो स्थानों पर अवैध रूप से बनाए गए अतिरिक्त तल को ध्वस्त कर दिया गया। जीडीए प्रवर्तन जोन-8 के प्रभारी अधिशासी अभियंता लवकेश कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। उनके साथ सहायक अभियंता सुरजीत कुमार, अवर अभियंता अखिलेश कुमार और रितु पाल की टीम भी मौजूद रही। सुरक्षा के लिहाज़ से मौके पर जीडीए पुलिस बल और शालीमार गार्डन थाना पुलिस की तैनाती भी की गई थी। भूखंड संख्या-187, शालीमार गार्डन मेन में जीडीए से पास नक्शे का उल्लंघन कर बिल्डर द्वारा स्टील व सीमेंट से निर्मित अतिरिक्त कॉलम और दीवारें खड़ी कर दी गई थीं। जांच में अनियमितता सामने आने के बाद बुलडोजर चलाकर पूरी संरचना को जमींदोज कर दिया गया।
वहीं दूसरी कार्रवाई भूखंड संख्या-436, शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-1 में की गई, जहां एक बिल्डर ने फिर से स्वीकृत मानचित्र का उल्लंघन करते हुए अतिरिक्त तल का निर्माण किया था। वहां बुलडोजर के साथ हथौड़ा चलवाकर एक-एक कॉलम तोड़ दिए गए। अधिशासी अभियंता लवकेश कुमार ने कहा कि नक्शे से हटकर एक ईंट भी रखी गई तो वो नहीं बख्शी जाएगी। जीडीए की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने आम नागरिकों और बिल्डरों को चेतावनी दी है कि बिना अनुमति या मानचित्र से भटक कर किए गए निर्माण को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसी सभी संरचनाएं ध्वस्त की जाएंगी और संबंधितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
















