-लोहिया नगर हिंदी भवन में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों व राखी समारोह के साथ मनाया गया महोत्सव, मुख्यमंत्री योगी का लखनऊ से लाइव संदेश प्रसारित
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। आजादी के मतवालों की वीरता और बलिदान को समर्पित ‘काकोरी ट्रेन एक्शन महोत्सव’ शुक्रवार को लोहियानगर स्थित हिंदी भवन में देशभक्ति की उमंग और सांस्कृतिक रंगों के संग धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसमें उन्होंने काकोरी कांड के शहीदों के त्याग को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शहर विधायक संजीव शर्मा ने भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, सांसद प्रतिनिधि राजेंद्र मित्तल, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी प्रज्ञा श्रीवास्तव, परियोजना निदेशक प्रदीप कुमार पांडेय, सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन ललित जायसवाल सहित गणमान्यों के साथ दीप प्रज्ज्वलन कर किया। अधिकारियों ने विधायक को पौधा व प्रतीक चिन्ह भेंट कर अभिनंदन व सम्मानित किया।
आयना डांस एकेडमी के बच्चों ने सरस्वती वंदना से कार्यक्रम का शुभारंभ किया, जिसके बाद सरस्वती विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने काकोरी ट्रेन एक्शन पर आधारित दमदार नाट्य प्रस्तुति दी, जिसने सभी को क्रांतिकारियों के साहसिक कारनामों की याद दिला दी। श्री ठाकुरद्वारा बालिका विद्यालय की छात्राओं ने नए भारत का चेहरा गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं आयना डांस एकेडमी के कलाकारों ने ‘वंदे मातरम्’ गीत पर अद्भुत नृत्य कर उपस्थित जनों का मन मोह लिया। विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि देश को आजादी दिलाने वाले स्वतंत्रता संग्राम के क्रांतिकारियों की शहादत को हमें सदैव याद रखना चाहिए। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना हम सबका कर्तव्य है।
काकोरी ट्रेन एक्शन, स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से हम शहीदों को नमन करते हैं। भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए लाखों क्रांतिकारियों ने अपने प्राण न्यौछावर किए, तभी हम आज स्वतंत्रता की हवा में सांस ले पा रहे हैं। उन्होंने सभी से देश के प्रति सच्ची निष्ठा और ईमानदारी से कर्तव्यों का पालन करने का आग्रह किया। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने विधायक, अधिकारियों, एनडीआरएफ, सीआईएसएफ, एनसीसी, पीएसी, पुलिस के जवानों सहित उपस्थित गणमान्यों को राखी बांधकर भाईचारे और सम्मान का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन जिला विकास अधिकारी प्रज्ञा श्रीवास्तव और मंच संचालन डॉ. पूनम शर्मा ने किया। समापन पर सभी अधिकारियों एवं सहयोगियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
















