-यू.पी.112 टीम को सख्त हिदायत, जनता का भरोसा ही पुलिस की असली ताकत
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनता की शिकायतों का तुरंत और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के लिए गाजियाबाद पुलिस ने एक बार फिर से अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। सोमवार को पुलिस उपायुक्त नगर जोन/मुख्यालय धवल जायसवाल ने यू.पी.112 पर नियुक्त सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ एक अहम बैठक की। इस बैठक में उन्होंने शिकायतों के निस्तारण की गति और गुणवत्ता को बेहतर बनाने पर जोर देते हुए कहा कि हर नागरिक की आवाज पुलिस तक तेजी से पहुंचे और उसका समाधान समयबद्ध तरीके से हो यही हमारी असली पहचान है। बैठक के दौरान डीसीपी धवल जायसवाल ने स्पष्ट रूप से कहा कि जनता का भरोसा बनाए रखना पुलिस का पहला और सबसे अहम दायित्व है। जब कोई व्यक्ति 112 पर कॉल करता है तो उसके मन में केवल एक ही उम्मीद होती है कि पुलिस तुरंत पहुंचे और उसकी समस्या का समाधान करे।
उन्होंने कहा कि पहली प्रतिक्रिया ही पुलिस की छवि बनाती है और इसी वजह से हर अधिकारी और कर्मचारी को यह समझना होगा कि मौके पर समय से पहुंचना, सही कार्रवाई करना और पीडि़त पक्ष को संतोषजनक समाधान देना ही असली सफलता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शिकायत के समाधान में लापरवाही, देरी या आधा-अधूरा निपटान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस को हर शिकायत को गंभीरता से लेना होगा, चाहे वह छोटी हो या बड़ी। मौके से सटीक और पूरी जानकारी एकत्रित करना, शिकायतकर्ता से संवाद बनाए रखना और कार्यवाही के हर चरण की जानकारी देना यह सब पुलिस की कार्यप्रणाली का हिस्सा होना चाहिए।
डीसीपी जायसवाल ने टीम को यह भी याद दिलाया कि यू.पी.112 केवल एक आपातकालीन नंबर नहीं है, बल्कि यह जनता और पुलिस के बीच भरोसे का सेतु है। उन्होंने कहा कि इस सेवा से जुड़ा हर कर्मचारी जनता की उम्मीदों और सुरक्षा का सीधा जिम्मेदार है, इसलिए उसमें न केवल पेशेवर दक्षता बल्कि संवेदनशीलता और मानवता का भाव भी होना चाहिए। बैठक में पुलिस उपायुक्त ने कहा कि आने वाले समय में शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और गति को और तेज किया जाएगा। आधुनिक तकनीक, बेहतर संचार व्यवस्था और प्रशिक्षित कर्मियों की मदद से यू.पी.112 को इस तरह संचालित किया जाएगा कि किसी भी शिकायत का समाधान बिना देरी और पूरी गंभीरता के साथ हो।
उन्होंने टीम को आश्वस्त किया कि यदि कोई अधिकारी अथक परिश्रम करता है तो उसे उचित सम्मान और प्रशंसा मिलेगी, वहीं लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। इस महत्वपूर्ण बैठक का नतीजा यह निकला कि गाजियाबाद पुलिस, विशेषकर यू.पी.112 की टीम, आने वाले दिनों में और ज्यादा सतर्क, तेज और जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील दिखाई देगी। इस पहल से न केवल कानून-व्यवस्था को मजबूती मिलेगी बल्कि जनता का पुलिस पर भरोसा भी नए मुकाम पर पहुंचेगा।
















