अतुल वत्स के सख्त रुख का असर, लोनी में बुलडोजर से गिरे अवैध फ्लोर

-जीडीए की प्रवर्तन टीम ने स्वीकृत मानचित्र से विचलन कर बनाए गए निर्माण को किया ध्वस्त, अवैध कॉलोनियों पर शिकंजा कसना हुआ तेज

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा अवैध निर्माण और अनाधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान गुरुवार को एक बार फिर बुलडोज़र की गरज के साथ लोनी में नजर आया। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के सख्त निर्देशों के तहत प्रवर्तन जोन-8 की टीम ने लोनी के वेद विहार क्षेत्र में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत बने फ्लोर, कॉलम और दीवारों को जमींदोज़ कर दिया। अभियान का नेतृत्व प्रवर्तन जोन-8 के प्रभारी अधिशासी अभियंता लवकेश कुमार ने किया। उनके साथ सहायक अभियंता सुरजीत कुमार, अवर अभियंता अखिलेश कुमार और रितुपाल की टीम मौजूद रही। कार्रवाई के दौरान जीडीए पुलिस और थाना अंकुर विहार पुलिस भी सुरक्षा के मद्देनज़र मौके पर तैनात रही।

टीम ने भूखंड संख्या-सी एफ-6, 7 एवं 8 एसएलएफ, वेद विहार पर मानचित्र से विचलन कर बनाए गए कॉलम और दीवारों को बुलडोज़र और हथौड़ों से ध्वस्त किया। वहीं भूखंड संख्या-सीएफए-4, एसएलएफ वेद विहार में अतिरिक्त तल पर खड़े किए गए कॉलम भी तोड़ दिए गए। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने साफ किया है कि गाजियाबाद में बिना स्वीकृति के निर्माण करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम हो रहा है। चाहे वह बड़े बिल्डर हों या छोटे, नियम तोडऩे वालों पर कार्रवाई तय है। इस सख्त कार्रवाई ने इलाके में यह संदेश दे दिया है कि जीडीए के आदेशों को नजरअंदाज करने वालों के खिलाफ अब हर हाल में बुलडोज़र चलेगा और अवैध निर्माण को जड़ से मिटा दिया जाएगा।