संस्कार पब्लिक जूनियर हाई स्कूल में 79वां स्वतंत्रता दिवस एवं जन्माष्टमी महोत्सव धूमधाम से सम्पन्न

-राधा-कृष्ण की झांकियों और देशभक्ति गीतों से गूंजा विद्यालय परिसर

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। इंदिरापुरम स्थित संस्कार पब्लिक जूनियर हाई स्कूल में शुक्रवार को 79वां स्वतंत्रता दिवस एवं जन्माष्टमी महोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और सांस्कृतिक उल्लास के साथ मनाया गया। छोटे-छोटे बच्चों ने राधा-कृष्ण का रूप धारण कर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, वहीं देशभक्ति से सराबोर कार्यक्रमों ने वातावरण को उत्साह और भावनाओं से भर दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदीप गुप्ता एवं शमा अग्रवाल रहे। उनके साथ विद्यालय की ओर से निधि अग्रवाल, आशा विष्ट, दिव्या शर्मा, विनीता, मनीषा, समीक्षा एवं निधि राठौर के सहयोग से कार्यक्रम का सफलतापूर्वक संचालन हुआ। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े प्रसंगों की झलक प्रस्तुत की। आकर्षक वेशभूषा में सजकर छोटे-छोटे राधा-कृष्ण सभी का मन मोहते नजर आए।

साथ ही विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, कविताएं और नृत्य प्रस्तुत कर स्वतंत्रता दिवस के महत्व को उजागर किया। पूरे कार्यक्रम में सबसे ज्यादा तालियां बटोरीं ओविया अग्रवाल ने, जिन्होंने देशभक्ति गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी दर्शकों का दिल जीत लिया। उनकी प्रस्तुति पर उपस्थित जनों ने खड़े होकर उत्साहवर्धन किया। मुख्य अतिथि प्रदीप गुप्ता ने कहा कि आज के इस अवसर पर बच्चों की प्रतिभा और उनके उत्साह को देखकर मन गदगद हो उठा। नन्हे-मुन्ने बच्चे जब राधा-कृष्ण के रूप में मंच पर आए और देशभक्ति गीतों पर नृत्य किया तो लगा मानो पूरा वातावरण भक्ति और देशप्रेम से सराबोर हो गया। यही बच्चे कल के भारत का भविष्य हैं। हमें इनकी प्रतिभा को पहचानकर सही दिशा देनी होगी ताकि ये आगे चलकर समाज और राष्ट्र का नाम रोशन कर सकें।

विशिष्ट अतिथि शमा अग्रवाल ने कहा कि विद्यालय द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम संस्कृति और देशभक्ति का सुंदर संगम है। इस प्रकार के आयोजन न केवल बच्चों में आत्मविश्वास जगाते हैं, बल्कि उन्हें अपनी जड़ों और संस्कारों से भी जोड़े रखते हैं। मैं विद्यालय परिवार को इस सफल आयोजन के लिए हृदय से बधाई देती हूँ। कार्यक्रम में विद्यालय की मैनेजमेंट समिति के सदस्य नमन अग्रवाल, सुची गुप्ता, ओविया अग्रवाल एवं मनोज कुमार अग्रवाल भी मौजूद रहे। सभी ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।