-पार्षद कुसुम मनोज गोयल की पहल से शुरू हुआ नई सीवर लाइन डालने का कार्य
-वर्षों की परेशानी से जल्द मिलेगी राहत, क्षेत्रवासियों ने जताया आभार
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। वैशाली सेक्टर-1, प्लॉट नंबर 301 के पास लंबे समय से चली आ रही सीवर जाम की समस्या अब समाधान की ओर बढ़ गई है। स्थानीय निवासियों की लगातार शिकायतों और परेशानियों को देखते हुए क्षेत्रीय पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने नगर निगम से पहल कर इस गंभीर मुद्दे को उठाया। निगम की टीम ने मौके पर जांच की तो पाया कि करीब 20 से 25 मीटर सीवर लाइन पूरी तरह बैठ चुकी है, जिसके चलते जलभराव और गंदगी की समस्या लगातार बनी हुई थी। पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने अधिकारियों से लगातार संवाद कर इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाया। उनकी पहल पर रविवार से नई सीवर लाइन डालने का कार्य शुरू हो गया। इससे क्षेत्र में जमींदोज हो चुकी पुरानी सीवर लाइन को बदलकर समस्या को जड़ से खत्म करने की कोशिश की जा रही है।
रविवार को पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल स्वयं मौके पर पहुंचे और कार्य की प्रगति का जायज़ा लिया। उन्होंने निगम अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्य को तेजी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द राहत मिल सके। इस दौरान भाजपा नेता अवधेश कटिहार, शिव शंकर उपाध्याय और भूपेंद्र भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर कार्य का निरीक्षण किया और लोगों को भरोसा दिलाया कि अब समस्या जल्द ही खत्म हो जाएगी।
नई सीवर लाइन डालने का काम शुरू होने से स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है। लोगों का कहना है कि वर्षों से चली आ रही बड़ी समस्या का समाधान अब संभव हो सका है। उन्होंने पार्षद कुसुम मनोज गोयल और नगर निगम के प्रयासों के लिए आभार जताया और उम्मीद जताई कि जल्द ही उनके क्षेत्र को जलभराव और गंदगी की समस्या से मुक्ति मिल जाएगी।















