-नहीं बचेगा कोई माफिया, आबकारी विभाग ने छेड़ी आर-पार की जंग
-अवैध शराब माफियाओं की कमर तोड़ने में सफल हो रहे आबकारी अधिकारी सुबोध श्रीवास्तव
-यूपी-हरियाणा की अवैध शराब समेत पांच तस्कर गिरफ्तार
उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर जिस तरह से आबकारी विभाग ने शिकंजा कसते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई की है, उसका पूरा श्रेय सीधे तौर पर जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव की सख्त कार्यशैली, पारदर्शी व्यवस्था और दूरदर्शी नेतृत्व को जाता है। स्वतंत्रता दिवस जैसे पावन अवसर पर, जब प्रदेश भर में सभी लाइसेंसी शराब की दुकानें पूरी तरह बंद थीं और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सतर्कता की आवश्यकता थी, ठीक उसी समय शराब माफियाओं ने तस्करी कर अवैध मुनाफा कमाने की साजिश रची। लेकिन श्रीवास्तव की योजनाबद्ध रणनीति, ठोस खुफिया नेटवर्क और चौकन्ने टीमवर्क ने उनकी एक-एक चाल को नाकाम करते हुए माफियाओं को दबोचा और जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। उनकी इस कार्यशैली ने यह साबित कर दिया कि कानून और ईमानदारी के सामने अपराध का कोई भी साम्राज्य ज्यादा दिनों तक टिक नहीं सकता है। सुबोध श्रीवास्तव ने पद संभालने के बाद से ही सबसे पहले विभागीय अधिकारियों और पुलिस टीमों के बीच तालमेल को मजबूत किया। उनकी रणनीति है माफियाओं को पनपने ही न दो, मौके पर ही पकड़ो और जेल भेजो।
यही वजह है कि बीते कुछ महीनों में जिले में अवैध शराब के नेटवर्क को तोडऩे में उल्लेखनीय सफलता मिली है। उनकी कार्यशैली की सबसे बड़ी खासियत है कि लगातार निगरानी, अचानक दबिश और तेज कार्रवाई करना है। स्वतंत्रता दिवस पर जब जिलेभर में जश्न का माहौल था, उसी दौरान आबकारी विभाग की टीम ने अलग-अलग जगहों से चार बड़े तस्करों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में शराब बरामद की। आबकारी निरीक्षक संजय चन्द्र और थाना सेक्टर-49 पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम बरौला स्थित श्मशान घाट के पीछे नाले की पटरी से शराब बेचते हुए साकेश कुमार पुत्र हीरालाल निवासी पीलीभीत को गिरफ्तार किया। उसके पास से देशी शराब ब्रांड के 45 पौव्वे यूपी मार्का बरामद किए गए।
इसी दौरान सेक्टर-49 थाना पुलिस और आबकारी टीम ने सेक्टर-50 के ग्रीन बेल्ट, बिजली घर के पास से पवन कसना पुत्र सुखबीर सिंह निवासी लोनी, गाजियाबाद को दबोचा। उसके पास से 64 पौव्वे यूपी मार्का शराब जब्त की गई। दोनों तस्करों ने कबूल किया कि उन्होंने 15 अगस्त से पहले ही लाइसेंसी दुकानों से शराब खरीदी थी और उसे स्वतंत्रता दिवस पर ऊंचे दामों पर बेचने की योजना बनाई थी।
शनिवार को आबकारी निरीक्षक डॉ. शिखा ठाकुर और थाना फेज-2 पुलिस की टीम ने ग्राम नयागांव, सेक्टर-87 से नथुनी झा पुत्र ब्रह्मदेव झा को पकड़ा। उसके पास से 35 पौव्वे शराब (ट्विन टावर और चेतक ब्रांड) बरामद की गई। इसी कड़ी में आबकारी निरीक्षक अखिलेश बिहारी वर्मा के नेतृत्व में टीम ने थाना सूरजपुर औद्योगिक क्षेत्र साईट-सी से दबिश देकर अभिज्ञान दुबे पुत्र लखनलाल दुबे निवासी बांदा को धर दबोचा। उसके पास से 28 पौव्वे फ्रेश मोटा ऑरेंज (180 एमएल) और हरियाणा मार्का शराब बरामद हुई। वहीं आबकारी निरीक्षक नामवर सिंह की टीम ने थाना कासना क्षेत्र से तस्कर तेजबीर पुत्र डालचंद को गिरफ्तार किया है।
जिसके पास से यूपी मार्का टिवीन टॉवर देशी शराब के 30 पव्वा बरामद किया है। पकड़े गए तस्करों से यह साफ हुआ कि वे बंद दुकानों से पहले ही शराब खरीदकर ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में थे, लेकिन आबकारी टीम की चौकसी के आगे उनकी योजना नाकाम हो गई। सुबोध श्रीवास्तव की कार्यशैली ने यह संदेश साफ कर दिया है कि गौतमबुद्ध नगर में अवैध शराब कारोबारियों के लिए कोई जगह नहीं है।
उनकी सख्ती से आम जनता का विश्वास भी बढ़ा है और शराब माफियाओं में खौफ का माहौल बना है। अधिकारियों के अनुसार, हाल के महीनों में ही सैकड़ों लीटर अवैध शराब बरामद की गई और दर्जनों तस्कर जेल भेजे गए। यह उपलब्धि विभाग की सक्रियता और श्रीवास्तव की नेतृत्व क्षमता का परिणाम है। स्वतंत्रता दिवस पर की गई कार्रवाई के बाद श्रीवास्तव ने कहा कि कर्तव्य पालन ही सबसे बड़ा उत्सव है। जब तक अवैध शराब जैसी बुराइयों को पूरी तरह खत्म नहीं कर दिया जाता, तब तक यह मुहिम रुकेगी नहीं। उन्होंने साफ कहा कि आबकारी विभाग की प्राथमिकता जनता की सुरक्षा है और इसी को ध्यान में रखते हुए पूरे जिले में अभियान चलाया जा रहा है। आबकारी विभाग ने साफ संकेत दे दिया है कि यह कार्रवाई केवल एक दिन की नहीं है, बल्कि आने वाले दिनों में भी और बड़ी एवं कठोर कार्यवाही की जाएगी। माफियाओं के खिलाफ अब आर-पार की लड़ाई छेड़ी जा चुकी है और इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।



















