उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद नगर निगम कर्मचारी संघ के चुनाव की घोषणा होते ही चुनावी बिगुल बज गया है। कर्मचारी संघ का मुख्य चुनाव अधिकारी ब्रजमोहन को बनाया गया है। नगर निगम मुख्यालय में बुधवार को कर्मचारी संघ के महामंत्री के पत्र पर बैठक का आयोजन किया गया। देर रात में तक चली बैठक में 255 कर्मचारियों ने भाग लिया। बैठक में मुख्य चुनाव अधिकारी ब्रजमोहन को मनोनीत किया गया। उन्होंने कहा कि बैठक में सभी की राय के बाद 29 अगस्त शुक्रवार को गाजियाबाद नगर निगम कर्मचारी संघ का चुनाव कराने का निर्णय लिया गया है। चुनाव की घोषणा होने के बाद आचार संहिता भी लागू हो गई।
नए पदाधिकारियों को कार्यकाल अक्टूबर-2025 से सितंबर-2028 तक होगा। उन्होंने कहा कि 29 अगस्त को सुबह 9 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक मतदान होगा। कुल आठ पदों के लिए चुनाव कराया जाएगा। इनमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री,उपमंत्री,संगठन मंत्री,प्रचार मंत्री,कोषाध्यक्ष व कार्यालय मंत्री पद पर मतदान होना हैं। 21 अगस्त यानि गुरुवार से आचार संहिता और चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। 22 अगस्त सायंकाल 5 बजे तक सदस्यता शुल्क जमा कराए जाएंगे। 23 अगस्त को नोटिस बोर्ड पर वोटर लिस्ट लगाई जाएगी।
शाम चार बजे वोट लिस्ट का अंतिम प्रकाशन होगा। 25 अगस्त को प्रात नौ बजे से 10.30 बजे तक नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे। उसी दिन नाम वापसी और चुनाव चिन्ह का वितरण होगा। 29 अगस्त को सुबह नौ बजे से 2.30 बजे तक मतदान होगा और 3 बजे से मतगणना होगी। मतगणना के बाद मुख्य चुनाव अधिकारी द्वारा विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। मतदान नगर निगम मुख्यालय में ही होगा।

















