-पूर्व पार्षद मनोज गोयल को सौंपा ज्ञापन, शीघ्र नियुक्ति की उठी मांग
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। वैशाली क्षेत्र के प्राथमिक चिकित्सा केंद्र में पिछले कई दिनों से डॉक्टर न होने की वजह से मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने इस गंभीर समस्या को लेकर शनिवार को पूर्व पार्षद मनोज गोयल को ज्ञापन सौंपा और मांग की कि जल्द से जल्द चिकित्सा केंद्र में डॉक्टर की नियुक्ति की जाए। स्थानीय निवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर सरकार ने वर्ष 2019 में वैशाली में प्राथमिक चिकित्सा केंद्र की स्थापना की थी। इसकी पहली प्रभारी चिकित्सक डॉ. रितु वर्मा रहीं, जिन्होंने विशेषकर कोरोना काल के दौरान उल्लेखनीय सेवाएँ देकर जनता को राहत पहुँचाई।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस केंद्र पर प्रतिदिन 100 से अधिक मरीज इलाज के लिए आते हैं। यहाँ पर मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिलती रही है। लेकिन डॉक्टर के तबादले के बाद से केंद्र पर चिकित्सा सेवाएँ ठप हो गई हैं, जिससे आम जनता को मजबूरी में निजी क्लीनिकों का रुख करना पड़ रहा है। ज्ञापन में कहा गया है कि सरकार की नीति रही है कि हर नागरिक को समय पर और सुलभ इलाज मिले, लेकिन डॉक्टर की अनुपलब्धता से यह उद्देश्य पूरा नहीं हो पा रहा। स्थानीय लोग इसे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आघात मान रहे हैं।
पूर्व पार्षद मनोज गोयल ने आश्वासन दिया कि वे जनता की इस मांग को संबंधित विभाग और अधिकारियों तक पहुँचाएंगे और हर संभव प्रयास करेंगे कि जल्द से जल्द वैशाली प्राथमिक चिकित्सा केंद्र में डॉक्टर की नियुक्ति हो सके, ताकि क्षेत्र की जनता को राहत मिले। उन्होंने कहा कि वैशाली प्राथमिक चिकित्सा केंद्र पूरे क्षेत्र की ज़रूरत है। यहाँ प्रतिदिन सैकड़ों लोग इलाज कराने आते हैं। डॉक्टर न होने से जनता परेशान है। मैं संबंधित अधिकारियों और सरकार तक यह मुद्दा उठाऊँगा और पूरी कोशिश होगी कि जल्द से जल्द इस केंद्र पर डॉक्टर की नियुक्ति हो, ताकि लोगों को समय पर और सुलभ चिकित्सा सुविधा मिल सके।
















