“नो एंट्री फॉर अंडर-21”: नोएडा बारों के लिए नया नियम

  • जिला आबकारी अधिकारी की चेतावनी – नाबालिगों को शराब परोसी तो लाइसेंस रद्द

  • युवाओं को नशे से बचाने और गार्डन गैलरिया को “मानक मॉडल” बनाने की दिशा में निर्णायक कदम

उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। नोएडा के गार्डन गैलरिया परिसर में संचालित रेस्टोरेंट बारों के लिए गुरुवार का दिन बेहद अहम रहा। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में गार्डन गैलरिया की मीटिंग कक्ष में हुई बैठक ने बार ऑनर्स और प्रबंधकों को स्पष्ट संदेश दिया कि अब शराब परोसने के नियमों से कोई समझौता नहीं होगा। अधिकारियों ने साफ कर दिया कि अनुज्ञापन की शर्तों का अक्षरश: पालन करना ही होगा, अन्यथा संबंधित बार संचालक के खिलाफ कठोर कार्रवाई निश्चित है। बैठक में जिला आबकारी अधिकारी ने खास तौर पर इस बात पर जोर दिया कि किसी भी बार में 21 वर्ष से कम उम्र के युवाओं को शराब सेवन की अनुमति देना अपराध माना जाएगा। इस तथ्य को न केवल बार संचालकों को गंभीरता से लेना होगा, बल्कि इसकी स्पष्ट सूचना प्रवेश द्वार पर बोर्ड के रूप में लिखकर लगानी होगी।

उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक औपचारिकता नहीं बल्कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोकने का एक सख्त और जरूरी कदम है। सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि समाज के भविष्य माने जाने वाले युवाओं की सेहत और करियर के साथ किसी तरह का खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नाबालिगों को शराब परोसने वाले बार मालिकों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि अगर किसी बार में इस तरह की लापरवाही पाई गई तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी और बार संचालक का अनुज्ञापन रद्द करने तक की स्थिति बन सकती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रशासन की यह सख्ती किसी बार मालिक को परेशान करने के लिए नहीं है बल्कि यह कदम जनहित और समाजहित में उठाया गया है।

युवाओं को नशे से बचाना और नोएडा को एक सुरक्षित, स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण प्रदान करना ही इस मुहिम का लक्ष्य है। बैठक में आबकारी निरीक्षक सचिन त्रिपाठी और संजय चंद्रा सहित सभी अनुज्ञापी, बार महाप्रबंधक और मैनेजर मौजूद रहे। बैठक के बाद यह साफ हो गया कि जिला आबकारी विभाग अब नियमों को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं करेगा। प्रशासन की यह सख्ती जहां बार संचालकों के लिए चुनौती है, वहीं आम लोगों के लिए भरोसे की बात भी है कि अब नोएडा में बार संचालन सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में होगा।

बार संचालकों ने दिया भरोसा
बैठक में उपस्थित बार ऑनर्स और प्रबंधकों ने आबकारी अधिकारी को आश्वासन दिया कि वे नियमों का पूरी तरह से पालन करेंगे। उन्होंने कहा कि बार के संचालन में किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं बरती जाएगी और हर संभव प्रयास किया जाएगा कि गार्डन गैलरिया परिसर को पूरे प्रदेश के लिए एक आदर्श और मानक मॉडल परिसर बनाया जा सके। सभी बार प्रतिनिधियों ने एक स्वर में यह भी कहा कि नाबालिगों को शराब परोसने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए वे पूरी सख्ती बरतेंगे और ग्राहकों की एंट्री से ही उम्र की जांच सुनिश्चित करेंगे।

“गौतमबुद्धनगर बनेगा आदर्श”
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि यदि बार संचालक प्रशासन के साथ मिलकर इस मुहिम में सहयोग करेंगे तो गार्डन गैलरिया न सिर्फ नोएडा बल्कि पूरे प्रदेश में एक आदर्श मॉडल के रूप में स्थापित हो सकता है। उन्होंने कहा कि इस अभियान की सफलता तभी संभव होगी जब नियमों का पालन ईमानदारी और निष्ठा के साथ किया जाए। उन्होंने सभी अनुज्ञापियों और मैनेजरों को निर्देश दिया कि वे नियमों को लेकर किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरतें। निरीक्षण के दौरान यदि कहीं भी उल्लंघन पाया गया तो विभाग तत्काल कार्रवाई करेगा।

युवाओं की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने की कोई भी कोशिश प्रशासन बर्दाश्त नहीं करेगा। बार मालिकों को चेतावनी दी गई कि यदि किसी बार में नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है।