खेलों से जीवन में अनुशासन और ऊर्जा: मॉडर्न कॉलेज में खेल दिवस का जश्न

खेल प्रतियोगिताएं देती हैं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आत्मविश्वास का पाठ: डॉ. निशा सिंह
राष्ट्रीय खेल दिवस पर खेल-भावना से सराबोर हुआ कॉलेज परिसर

उदय भूमि संवाददाता

गाजियाबाद। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को मॉडर्न कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज, मोहन नगर में खेल महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कॉलेज की सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम समिति और स्पोर्ट्स क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम ने महाविद्यालय परिसर को खेल-भावना और उत्साह से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर डॉ. निशा सिंह और सभी विभागाध्यक्षों द्वारा खेल शपथ दिलाकर की गई। इस मौके पर प्राचार्या ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता को मजबूत करने का साधन नहीं हैं, बल्कि यह अनुशासन, धैर्य, निष्ठा, पराक्रम और खेल-भावना जैसे गुणों को भी विकसित करते हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आज की तकनीकी दुनिया में मोबाइल फोन और डिजिटल गैजेट्स विद्यार्थियों को मानसिक और शारीरिक रूप से कमजोर बना रहे हैं, ऐसे समय में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली और श्रेष्ठता की ओर प्रेरित करता है। खेल हमें समय प्रबंधन सिखाते हैं और जीवन में सफलता पाने की सही दिशा दिखाते हैं।

राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित प्रतियोगिताओं में कैरम, शतरंज, बैडमिंटन और टेबल टेनिस जैसे लोकप्रिय खेल शामिल किए गए। इन प्रतियोगिताओं में कॉलेज के विभिन्न विभागों के लगभग सौ छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे कैंपस में उत्साह का माहौल रहा और दर्शक भी खिलाडिय़ों की हौसला-अ$फजाई में पीछे नहीं रहे। खेल मैदान और हॉल में छात्रों ने अपनी प्रतिभा से ऐसा माहौल बना दिया कि हर ओर प्रतिस्पर्धा और खेल भावना का अद्भुत संगम दिखाई दिया। बैडमिंटन में बी.ए. की तान्या ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया जबकि बी.एड. की मोना द्वितीय स्थान पर रहीं।

कैरम प्रतियोगिता में विधि विभाग के बृजेश ने प्रथम स्थान हासिल किया और विशाल चौहान ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। शतरंज में बी.सी.ए. विभाग के विनय कुमार ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को परास्त कर प्रथम स्थान पर कब्जा जमाया, जबकि विशाल द्वितीय रहे। टेबल टेनिस में भी बी.सी.ए. के हिमांशु रजक ने अपनी लय और फुर्ती से सबको प्रभावित करते हुए विजेता का ताज अपने नाम किया और विनय गोस्वामी उपविजेता बने। कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्या प्रो. डॉ. निशा सिंह ने विजेता खिलाडिय़ों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं न केवल स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को जन्म देती हैं बल्कि युवा प्रतिभाओं को पहचानने और निखारने का अवसर भी प्रदान करती हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास तभी संभव है जब शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेल और पाठ्येतर गतिविधियों को भी समान महत्व दिया जाए। राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित यह आयोजन केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने कॉलेज परिसर में विद्यार्थियों के बीच सकारात्मक ऊर्जा और खेल-भावना का संचार किया। इस दिन ने यह साबित कर दिया कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि जीवन की महत्वपूर्ण पाठशाला भी हैं जो युवाओं को धैर्य, अनुशासन और संघर्ष जैसे मूल्यों से रूबरू कराती है।

खेलों से होगा सर्वांगीण विकास

मॉडर्न कॉलेज परिवार ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर यह संदेश दिया कि शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेल और पाठ्येतर कार्यक्रम भी छात्रों के व्यक्तित्व निर्माण के लिए उतने ही आवश्यक हैं।
इस प्रकार के आयोजनों से न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य मजबूत होता है, बल्कि छात्रों में समय प्रबंधन, अनुशासन और सामाजिक मूल्यों का भी विकास होता है।

इंडोर व आउटडोर खेलों में दिखी प्रतिभा

इस खेल महोत्सव में करीब 100 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न विभागों से भाग लिया। प्रतियोगिताओं में कैरम, शतरंज, बैडमिंटन और टेबल टेनिस जैसे लोकप्रिय खेल शामिल किए गए। छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और खेल-भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।