मेवाड़ में 18वां प्रतिभा प्रोत्साहन पुरस्कार समारोह-2025 का भव्य आगाज

पहले दिन 30 स्कूलों के 1089 बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, प्रतियोगिताओं से गूंजा परिसर

उदय भूमि संवाददाता

गाजियाबाद। वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में शुक्रवार को महान क्रांतिकारी बाल गंगाधर तिलक और चंद्रशेखर आजाद को समर्पित 18वां प्रतिभा प्रोत्साहन पुरस्कार समारोह धूमधाम से शुरू हुआ। आयोजन के पहले ही दिन गाजियाबाद के 30 स्कूलों के 1089 विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का ऐसा जलवा दिखाया कि पूरा परिसर ज्ञान, कला और संस्कृति का संगम बन गया।

प्रतिभा प्रोत्साहन पुरस्कार समारोह का पहला दिन पूरी तरह बच्चों के नाम रहा। सुबह से ही मेवाड़ कैंपस में विद्यार्थियों की चहल-पहल ने मेले जैसा दृश्य बना दिया। पहले दिन निबंध लेखन, वाद-विवाद, मेहंदी, रंगोली, एकल गान और समूह गान जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। देर शाम तक जब परिणाम घोषित हुए तो बच्चों की खुशी देखने लायक थी। वाद-विवाद प्रतियोगिता में कुटुम्ब प्रबोधन- संयुक्त परिवार में पालन-पोषण एक समृद्ध समाज का निर्माण करते हैं। बच्चों ने इसके पक्ष और विपक्ष में ठोस तर्क देकर श्रोताओं को प्रभावित किया। मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की निदेशिका डॉ. अलका अग्रवाल ने बताया कि समारोह के दूसरे दिन यानी 30 अगस्त की सुबह नौ बजे से सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, स्लोगन राइटिंग स्पर्धा, एकल नृत्य और समूह नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन होगा। सभी विजेताओं को मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार गदिया द्वारा नकद राशि, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। वाद-विवाद में रॉकवेल कॉन्वेंट स्कूल के आयुष्मान सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सुशीला इंटर कॉलेज की वंशिका द्वितीय और महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल की अविका चौहान तृतीय स्थान पर रहीं। स्प्रिंग फील्ड स्कूल के शौर्य और अचल शर्मा को चेयरमैन अवार्ड के लिए चुना गया।

निबंध प्रतियोगिता नागरिक कर्तव्य- एक अच्छे भारतीय नागरिक बनने की मौलिक जिम्मेदारियां। इसमें आम्रपाली इंग्लिश स्कूल की इशिका मित्तल प्रथम, महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल की सौम्या वशिष्ठ द्वितीय और दयावती चौहान सीनियर सेकेंडरी स्कूल की इलमा तृतीय स्थान पर रहीं। सुशीला इंटर कॉलेज की अनुष्का और स्वामी विवेकानंद इंग्लिश स्कूल की साक्षी यादव चेयरमैन अवार्ड के लिए चयनित हुईं। मेहंदी प्रतियोगिता में आम्रपाली इंग्लिश स्कूल की भूमिका ने प्रथम, स्प्रिंग फील्ड पब्लिक स्कूल की जैनब ने द्वितीय और महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल की कृतिका पंवार ने तृतीय स्थान हासिल किया। ईस्ट इंडिया पब्लिक स्कूल की जाह्नवी सिंह, स्प्रिंग डेल्स पब्लिक स्कूल की खुशी और सुशीला गर्ल्स इंटर कॉलेज की गौरी त्यागी को चेयरमैन अवार्ड मिला। रंगोली प्रतियोगिता में शहीद विजय सिंह पथिक सरस्वती विद्या मंदिर की तमन्ना ने बाजी मारी और प्रथम स्थान प्राप्त किया। महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल की नव्या करोडिया द्वितीय और पीएनएन मोहन स्कूल की दीशू नागर तृतीय रहीं।

जैनमती उजागर स्कूल की संगीता व प्रियांशु और स्वामी विवेकानंद इंग्लिश स्कूल की आरती को चेयरमैन अवार्ड के लिए चुना गया। प्रतियोगिताओं के दौरान मेवाड़ संस्थान का हर कोना बच्चों के उत्साह और हुनर से झूम उठा। जहां एक ओर मेहंदी और रंगोली की सजीव आकृतियों ने परिसर को रंगीन बना दिया, वहीं दूसरी ओर निबंध और वाद-विवाद में छात्रों की ओजस्वी वाणी ने वातावरण को विचारशील बना दिया। संगीत प्रतियोगिताओं में बच्चों की मधुर आवाज़ ने माहौल को और भी जीवंत कर दिया। मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस द्वारा आयोजित यह समारोह वर्षों से छात्रों की प्रतिभा को पहचानने और उन्हें प्रोत्साहित करने का बड़ा मंच रहा है। इस वर्ष भी प्रतिभा प्रोत्साहन पुरस्कार समारोह का आगाज बच्चों के जोश, रचनात्मकता और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा के माहौल के साथ हुआ, जिसने न सिर्फ अभिभावकों और शिक्षकों को प्रभावित किया बल्कि छात्रों में आत्मविश्वास और समाज निर्माण की नई चेतना भी जगाई।