- एडीएम सौरभ भट्ट ने लोनी क्षेत्र के ग्राम प्रधानों संग की आपात बैठक
- हथिनी कुंड बैराज से छोड़ा गया पानी, गाजियाबाद में बाढ़ का बढ़ा खतरा
- नदी किनारे के गांवों से अपील-सावधानी ही सुरक्षा का सबसे बड़ा उपाय
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। यमुना नदी का जलस्तर बढऩे की संभावना के मद्देनज़र प्रशासन ने लोनी क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। एडीएम वित्त एवं राजस्व सौरभ भट्ट ने सोमवार को लोनी क्षेत्र के ग्राम प्रधानों के साथ विशेष बैठक कर हालात की समीक्षा की और लोगों से बाढ़ से बचाव की पूरी सावधानी बरतने की अपील की। एडीएम ने बताया कि सिंचाई विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सहारनपुर स्थित हथिनी कुंड बैराज से 1 सितंबर को 3,21,653 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इस कारण गाजियाबाद जिले में यमुना का जलस्तर तेजी से बढऩे की आशंका है। उन्होंने कहा कि बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए जनता को पहले से सतर्क रहना होगा। उन्होंने अपील की कि लोग रेडियो, टीवी और सोशल मीडिया के जरिए लगातार अपडेट लेते रहें। सुरक्षित स्थानों को पहले से चिन्हित कर लें और जरूरत पडऩे पर समय रहते वहां शरण लें।
सौरभ भट्ट ने ग्रामीणों से कहा कि जरूरी खाद्य सामग्री (बिस्कुट, लाई, भुना चना आदि), जरूरी दवाइयां, प्राथमिक उपचार किट, क्लोरिन व ओआरएस पाउडर हमेशा तैयार रखें। साथ ही राशन कार्ड, पासबुक और आधार कार्ड जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज़ बैग या व्हाट्सऐप ग्रुप पर सुरक्षित रखें। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि बाढ़ की चेतावनी मिलते ही गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों, दिव्यांग और बीमार व्यक्तियों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जाए। वहीं मवेशियों के चारे और सूखे अनाज को भी ऊंचे स्थान पर सुरक्षित रखने की सलाह दी गई। चिकित्सीय आपात स्थिति में लोग टोल फ्री नंबर 108/102 पर कॉल कर तुरंत एम्बुलेंस सेवा प्राप्त कर सकते हैं। वहीं जिला मुख्यालय पर बाढ़ नियंत्रण हेतु स्थापित कंट्रोल रूम नंबर 0120-2989032, 2986150 और टोल फ्री नंबर 1077 पर भी चौबीसों घंटे संपर्क किया जा सकता है।















