-नगर निगम, पुलिस, जीडीए, स्वास्थ्य और विद्युत विभाग से जुड़ी आईं दर्जनों शिकायतें
-वृद्ध को पैतृक घर से निकाले जाने पर तुरंत अधिकारी को किया फोन, दिलाया न्याय का आश्वासन
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने बुधवार को जनसुनवाई आयोजित की। प्रतिदिन की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में प्रार्थी अपनी शिकायतें और समस्याएँ लेकर पहुँचे। जिलाधिकारी ने सभी की बातें ध्यानपूर्वक सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायत प्राप्त होते ही निस्तारण की कार्यवाही प्रारंभ की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता को दौड़ाने के बजाय समस्याओं का समाधान मौके पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से होना चाहिए। जनसुनवाई में नगर निगम, पुलिस विभाग, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग और राजस्व विभाग से संबंधित दर्जनों शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने हर शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों से कहा कि स्थलीय निरीक्षण योग्य मामलों की तुरंत जांच करें और निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक लेना अनिवार्य है।
कार्यक्रम के दौरान कई मानवीय पहलू भी सामने आए। एक वृद्ध ने जिलाधिकारी से गुहार लगाई कि उसके ही बच्चों ने उसे पैतृक घर से निकाल दिया है और वह दर-दर भटक रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल संबंधित अधिकारी को फोन कर बुजुर्ग को न्याय दिलाने के निर्देश दिए। इसी प्रकार साहिबाबाद निवासी एक व्यक्ति ने अपनी जमीन पर हो रहे अवैध कब्जे की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने थाना प्रभारी को जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा। मोदीनगर क्षेत्र के निवासियों ने हिण्डन नदी किनारे स्थित श्मशान भूमि के मामले को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि श्मशान घाट के लिए बजट स्वीकृत हो चुका है, अब भूमि आवंटन की आवश्यकता है।
इस पर जिलाधिकारी ने मोदीनगर एसडीएम को निर्देश दिया कि आवश्यक कार्यवाही कर रिपोर्ट उन्हें उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दोहराया कि शिकायतों को केवल कागजों तक सीमित न रखें, बल्कि जनता को वास्तविक समाधान उपलब्ध कराना ही प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास बनाए रखना प्रशासन का दायित्व है और यह तभी संभव है जब हर प्रार्थी को न्याय और संतोषजनक समाधान मिले। जनसुनवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय, आईएएस अधिकारी अयान जैन और एसीएम राजेन्द्र कुमार भी मौजूद रहे।
















