इनरव्हील क्लब नवीन ग्रेटर नोएडा की मानवता भरी पहल

-100 बच्चों को मिली पढ़ाई की सामग्री, कैंसर पीडि़त को आर्थिक सहयोग- सेवा और संवेदनशीलता का अनोखा संगम

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। इनरव्हील क्लब नवीन ग्रेटर नोएडा, डिस्ट्रिक्ट 301 ने शनिवार को समाज सेवा की एक नई मिसाल कायम की। क्लब की ओर से परीक्षा की तैयारी कर रहे 100 बच्चों को पढ़ाई के लिए आवश्यक सामग्री जैसे क्लिपबोर्ड, पेंसिल किट और चॉकलेट्स वितरित की गईं। बच्चों के चेहरों पर आई मुस्कान ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया। इस अवसर पर क्लब की सदस्य अंकिता जी (धर्मपत्नी बृजेश कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जेल) ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि पढ़ाई से संबंधित किसी भी आवश्यकता पर आप नि:संकोच क्लब से संपर्क करें। हम हर संभव मदद के लिए तैयार हैं। उनकी बातें सुनकर बच्चों के चेहरे उत्साह और आत्मविश्वास से दमक उठे। कार्यक्रम केवल बच्चों तक सीमित नहीं रहा। इनरव्हील क्लब की संवेदनशील पहल के अंतर्गत एक कैंसर पीडि़त मरीज को 6,000 की आर्थिक सहायता भी दी गई। क्लब सदस्यों ने कहा कि बच्चों की मुस्कान और जरूरतमंदों की मदद ही हमारी सबसे बड़ी पूँजी है। जो भी हम समाज को देते हैं, वह कई गुना होकर हमारे पास लौट आता है।

कार्यक्रम के दौरान क्लब की सभी सदस्याएँ पहले साईं मंदिर गईं, जहाँ उन्होंने प्रार्थना कर समाज सेवा की शक्ति माँगी। इसके बाद विद्यालय पहुँचकर बच्चों के बीच सामग्री वितरित की गई। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सुरेकला लक्ष्मी ने बच्चों को समझाया कि क्लिपबोर्ड उनकी पढ़ाई और परीक्षाओं के लिए बहुत उपयोगी हैं। उन्होंने कहा कि अब बच्चे आत्मविश्वास के साथ पढ़ाई करें और खुद को किसी से कम न समझें। इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष अधिति भारद्वाज, पूर्व अध्यक्ष अनीता सिंगला, सदस्याएँ सोनीका त्यागी और शैली गर्ग भी मौजूद रहीं। पूर्व अध्यक्ष अनीता सिंगला ने बच्चों को आशीर्वाद दिया और कहा कि हमारी यह कोशिश बच्चों के भविष्य को उज्जवल बनाने की दिशा में एक छोटा सा प्रयास है।

अंकिता जी ने इस दिन को अपने जीवन का सबसे खास पल बताते हुए कहा कि आज मुझे पहली बार महसूस हुआ कि मेरा जन्मदिन इतना अर्थपूर्ण और खास हो सकता है। बच्चों का प्यार और आशीर्वाद ही मेरे लिए सबसे बड़ा उपहार है। बच्चों ने भी अपने हाथों से बनाए कार्ड, फूल और शुभकामनाएं देकर अंकिता जी को अपना स्नेह और आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने यह संकल्प लिया कि समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के साथ जुड़कर उनकी मदद करना ही क्लब का सबसे बड़ा उद्देश्य है। इस मौके पर उपस्थित सदस्यों ने अंकिता जी को इस प्रेरणादायी पहल के लिए धन्यवाद और बधाई दी।