- वार्ड 100 में इंटरलॉकिंग और फुटपाथ निर्माण के लिए तत्काल कार्रवाई
- वैभव पार्क और गोल पार्क की सफाई एवं सुधार कार्यों की समयसीमा 10 दिन तय
- वार्ड 87 न्याय खंड-3 में स्ट्रीट लाइट और खाली भूमि के पार्क में विकास का आदेश
- सेंट्रल वर्ज, ग्रीन बेल्ट और चौराहों की खराब स्थिति पर अधिकारियों और फर्मों को कड़ी फटकार
- डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन और स्वास्थ्य विभाग की मॉनिटरिंग बढ़ाने के निर्देश
- नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने और नगर निगम सहयोग के लिए जागरूक करने की अपील
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर की स्वच्छता, सुंदरता और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में सोमवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने इंदिरापुरम के आंतरिक वार्डों का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने क्षेत्रीय निवासियों, पार्षदों और निगम अधिकारियों के साथ सीधे संवाद करते हुए जन समस्याओं का मौके पर निस्तारण सुनिश्चित किया। वार्ड संख्या 100 शिप्रा सनसिटी में कृष्ण वाटिका में इंटरलॉकिंग और फुटपाथ निर्माण के लिए नगर आयुक्त ने उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह को तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि नगर की सड़कें और फुटपाथ नागरिकों की सुविधा के लिए हैं, किसी को भी इसके निर्माण में ढिलाई करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। वार्ड संख्या 99 में निरीक्षण के दौरान वैभव पार्क और गोल पार्क की सफाई व्यवस्था में सुधार के निर्देश नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश को दिए गए। नगर आयुक्त ने 10 दिन के भीतर पार्क में हट निर्माण, सबमर्सिबल पंप की मरम्मत और अन्य आवश्यक सुधार कार्य पूर्ण करने का आदेश दिया।
वार्ड संख्या 87 न्याय खंड-3 में क्षेत्रीय निवासियों ने दिन में जल रही स्ट्रीट लाइट और खाली पड़ी भूमि को पार्क में विकसित करने की मांग रखी। नगर आयुक्त ने प्रकाश विभाग और संपत्ति विभाग को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, खाली पड़ी जमीन और खराब प्रकाश व्यवस्था न केवल सुरक्षा के लिए खतरा हैं बल्कि शहर की सुंदरता पर भी प्रभाव डालते हैं। इनकी अनदेखी नहीं की जाएगी। इंदिरापुरम के मुख्य मार्गों पर स्थित सेंट्रल वर्ज, ग्रीन बेल्ट और चौराहों की खराब स्थिति देखकर नगर आयुक्त ने जिम्मेदार अधिकारियों और लिसा कंस्ट्रक्शन फर्म को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सुधार नहीं हुआ तो फर्म के टेंडर रद्द कर दिए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन और स्वास्थ्य विभाग की मॉनिटरिंग बढ़ाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा, “शहर की स्वच्छता और सुंदरता हम सभी की जिम्मेदारी है। पार्कों और सेंट्रल वर्ज में गंदगी न फैलाएं और नगर निगम का सहयोग करें। जब हम सभी मिलकर प्रयास करेंगे तभी हमारा शहर वास्तव में सुंदर और स्वच्छ बन पाएगा। इस निरीक्षण में अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी, प्रभारी प्रकाश आश कुमार सहित नगर निगम की पूरी टीम मौजूद रही। नगर आयुक्त के निर्देशों और सख्त रवैये से यह स्पष्ट है कि इंदिरापुरम सहित पूरे शहर में नागरिकों की सुविधाओं और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ काम कर रहा है।

















