ट्वीट : अभिनेता अनिल कपूर से वायुसेना नाराज

एयरफोर्स की वर्दी में आपत्तिजनक सीन पर विवाद

मुंबई। अब बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर विवादों में घिर गए हैं। विवाद अनिल के अप-कमिंग प्रोजेक्ट एके बनाम एके के सीन से जुड़ा है। इस सीन में अभिनेता वायुसेना अधिकारी की भूमिका में नजर आए हैं। सीन को जिस तरीके से दर्शाया गया है, उस पर भारतीय वायुसेना ने ऐतराज जाहिर किया है। वायुसेना ने ट्वीट कर इस प्रकार के सीन को तुरंत हटाने की बात कही है। अभिनेता अनिल कपूर जल्द नए प्रोजेक्ट एके बनाम एके में वायुसेना अधिकारी के किरदार में दिखाई देंगे। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर यह प्रोजेक्ट रिलीज किया जाना है। प्रोजेक्ट का नाम एके बनाम एके रखा गया है। इस प्रोजेक्ट का ट्रेलर जारी होने के बाद विवाद गहरा गया है। ट्रेलर में अनिल कपूर वायुसेना अधिकारी की वर्दी में नजऱ आ रहे हैं। इस सीन में वह बॉलीवुड डायरेक्टर अनुराग कश्यप के साथ हैं और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। वायुसेना ने इस वीडियो को रिट्वीट किया है। वायुसेना ने कहा है कि इस वीडियो में वायुसेना की वर्दी का गलत प्रयोग किया गया है। भाषा भी सही नहीं है। ऐसे में इस सीन को हटाना चाहिए। इससे पहले भी कई बार ऐसा हो चुका है, जहां बॉलीवुड की किसी फिल्म या वेब शो में सेना के अधिकारी को वर्दी पहने कुछ गलत करते दिखाया गया है। पिछले दिनों एकता कपूर निर्मित वेब शो में सेना की वर्दी पहने किरदार के साथ कुछ गलत दिखाया गया था। जिस पर काफी विवाद उभरा था। बता दें कि इसी फिल्म के प्रमोशन के कारण अनिल कपूर और अनुराग कश्यप के मध्य सोशल मीडिया पर एक जंग देखने को मिली थी। दोनों एक-दूसरे के खिलाफ ट्वीट कर रहे थे, मानो सच में लड़ाई कर रहे हों। मालूम हो कि हाल ही में अभिनेता सैफ अली खान भी अपनी अप-कमिंग फिल्म आदिपुरुष को लेकर आपत्तिजनक बयान देकर विवादों में घिर गए थे। बाद में सैफल अली खान ने माफी मांगकर विवाद का पटाक्षेप कर दिया था।