सीएम योगी बोले… यूपी का विकास ही भारत के विकास की धुरी, ट्रेड शो से यूपी को मिलेगी वैश्विक पहचान-गाजियाबाद बनेगा प्रदेश का आदर्श मॉडल शहर

मुख्यमंत्री ने पहले ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट पहुंचकर आगामी यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों के साथ करीब एक घंटे तक गहन समीक्षा बैठक की। इसके बाद उन्होंने गाजियाबाद में आयोजित “विकसित भारत – विकसित उत्तर प्रदेश” कार्यक्रम में शिरकत की, जहां उन्होंने प्रदेश की विकास योजनाओं और जनता की भागीदारी पर जोर देते हुए गाजियाबाद को भविष्य का आदर्श शहर बनाने का संकल्प दोहराया।

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा/गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहे। यह दौरा राजनीतिक, औद्योगिक और विकासात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने पहले ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट पहुंचकर आगामी यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों के साथ करीब एक घंटे तक गहन समीक्षा बैठक की। इसके बाद उन्होंने गाजियाबाद में आयोजित “विकसित भारत – विकसित उत्तर प्रदेश” कार्यक्रम में शिरकत की, जहां उन्होंने प्रदेश की विकास योजनाओं और जनता की भागीदारी पर जोर देते हुए गाजियाबाद को भविष्य का आदर्श शहर बनाने का संकल्प दोहराया।

ग्रेटर नोएडा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के तीसरे संस्करण की विस्तृत तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि इस आयोजन को पिछले साल से अधिक भव्य और सफल बनाया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल व्यापारिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उत्तर प्रदेश की आर्थिक, सांस्कृतिक और औद्योगिक ताकत को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का सुनहरा अवसर है। इस बार आयोजन का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे और विशेष रूप से रूस को कंट्री पार्टनर बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि देश-विदेश से आने वाले मेहमानों और उद्यमियों के लिए हर सुविधा सुनिश्चित की जाए, चाहे वह स्टॉल लगाने का प्रबंधन हो, ट्रैफिक व्यवस्था हो, सुरक्षा व्यवस्था हो या पार्किंग की समस्या।

योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट कहा कि इस आयोजन से प्रदेश के उद्यमियों और उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान ग्रामीण शिल्प से लेकर आधुनिक उद्योगों तक फैली है और इस बहुआयामी ताकत को दुनिया के सामने रखने का यह बेहतरीन मौका है। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि यह आयोजन प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में निर्णायक कदम साबित होगा। औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने भी कहा कि ट्रेड शो प्रदेश के गांवों और कस्बों के कारीगरों को वैश्विक बाजार से जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि पिछले दो संस्करणों ने सिद्ध कर दिया है कि उत्तर प्रदेश के उद्यमी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं। पिछले साल के आयोजन से व्यापारियों को 2027 तक के ऑर्डर मिले थे और इस बार उससे भी अधिक कारोबार और अवसर मिलने की संभावना है।

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री राकेश सचान ने बताया कि उत्तर प्रदेश में करीब 96 लाख एमएसएमई इकाइयां कार्यरत हैं और यह ट्रेड शो उन सभी को एक ही छत के नीचे लाने का अनूठा मंच है। उन्होंने कहा कि पिछले साल इस आयोजन से लगभग 22 करोड़ रुपये का व्यापार हुआ था, जबकि इस बार उम्मीद है कि आंकड़ा कई गुना बढ़ेगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को याद दिलाया कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो केवल आर्थिक गतिविधियों का मंच नहीं है बल्कि यह उत्तर प्रदेश की संस्कृति, परंपरा और औद्योगिक सामर्थ्य का परिचायक भी है।

ग्रेटर नोएडा में समीक्षा बैठक पूरी करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गाजियाबाद पहुंचे। वहां पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में विकसित भारत– विकसित उत्तर प्रदेश कार्यक्रम आयोजित था। मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर दोपहर करीब साढ़े तीन बजे गाजियाबाद पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर उतरा। वहां कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। हेलीपैड से सड़क मार्ग द्वारा मुख्यमंत्री सीधे ऑडिटोरियम पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

कार्यक्रम में अपने उद्बोधन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद को प्रदेश की विकास धुरी बताते हुए कहा कि भारत का विकास तभी संभव है जब उत्तर प्रदेश तेजी से आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि यदि गाजियाबाद विकसित होगा तो प्रदेश और देश दोनों की विकास गति और तेज होगी। मुख्यमंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, व्यापार और खेल जैसे क्षेत्रों में गाजियाबाद की क्षमता को रेखांकित करते हुए कहा कि यह शहर आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था और सामाजिक प्रगति में निर्णायक योगदान दे सकता है।

मुख्यमंत्री ने जनता से सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि सरकार की योजनाएं और कार्यक्रम तभी सफल हो सकते हैं जब उनमें जनता की भागीदारी सुनिश्चित हो। उन्होंने लोगों को प्रेरित किया कि वे अपने सुझाव सीधे मुख्यमंत्री पोर्टल पर भेजें। इसके अलावा उन्होंने एक नई पहल की घोषणा की कि लोग अपने सुझाव पोस्टकार्ड पर लिखकर भी भेज सकते हैं। योगी आदित्यनाथ ने भरोसा दिलाया कि उपयोगी और रचनात्मक सुझावों को न केवल गंभीरता से लिया जाएगा, बल्कि उन्हें लागू भी किया जाएगा और ऐसे लोगों को कार्यक्रमों में सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व सांसद डॉ. रमेश चंद तोमर की पुस्तक “भारतवर्ष की स्वर्णाभा नरेंद्र मोदी” का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक भारत के वर्तमान विकास युग की झलक प्रस्तुत करती है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की नई पहचान को उजागर करती है। मुख्यमंत्री ने पुस्तक के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह आने वाली पीढ़ियों को देश की विकास गाथा समझने में मदद करेगी।

कार्यक्रम में मौजूद सांसदों, विधायकों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। सभागार में मौजूद लोगों ने उनके संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना और तालियों की गड़गड़ाहट से बार-बार उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने समापन में कहा कि गाजियाबाद को शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग और खेल जैसे क्षेत्रों में और अधिक निवेश और प्रयासों की जरूरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता और सरकार के सहयोग से गाजियाबाद आने वाले समय में उत्तर प्रदेश का सबसे विकसित शहर बनेगा और यह पूरे देश के लिए एक आदर्श मॉडल प्रस्तुत करेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह दौरा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए नई दिशा तय करने वाला माना जा रहा है। एक ओर उन्होंने ग्रेटर नोएडा से प्रदेश की आर्थिक उड़ान का रोडमैप प्रस्तुत किया, तो दूसरी ओर गाजियाबाद से जनभागीदारी और विकास का संदेश दिया। यह दौरा न केवल प्रदेश की औद्योगिक शक्ति को नई पहचान दिलाने का प्रयास है बल्कि यह जनता और सरकार के बीच नए विश्वास का सेतु भी है।

योगी की कड़ी हिदायत : ट्रेड शो पिछले साल से ज्यादा भव्य बने

ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में सीएम योगी ने करीब एक घंटे तक अधिकारियों संग समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले मेहमानों को किसी भी तरह की असुविधा न हो।

• इस बार ट्रेड शो का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।

• रूस को कंट्री पार्टनर बनाया गया है।

• सुरक्षा, पार्किंग और ट्रैफिक प्रबंधन पर योगी ने खास फोकस करने के निर्देश दिए।

योगी ने कहा कि यह आयोजन न सिर्फ व्यापार का मंच है, बल्कि यह उत्तर प्रदेश की ताकत को दुनिया के सामने पेश करने का सुनहरा अवसर भी है।

योगी का विज़न : यूपी को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना

औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि इस ट्रेड शो से गाँवों और कस्बों के कारीगरों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने का रास्ता खुलता है।

• पिछली बार व्यापारियों को 2027 तक के ऑर्डर मिले थे।

• इस बार कारोबार और अवसर और अधिक बढ़ने की संभावना है।

• वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना को भी वैश्विक पहचान मिलेगी।

एमएसएमई मंत्री राकेश सचान ने बताया कि यूपी में 96 लाख एमएसएमई इकाइयाँ काम कर रही हैं। पिछले साल के आयोजन से 22 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था।

गाजियाबाद में योगी की हुंकार : यूपी का विकास, भारत का विकास

ट्रेड शो की समीक्षा के बाद सीएम योगी गाजियाबाद पहुंचे। यहां पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में “विकसित भारत – विकसित उत्तर प्रदेश” कार्यक्रम में उन्होंने जनता और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया।

योगी ने कहा – भारत तभी विकसित होगा जब उत्तर प्रदेश तेजी से आगे बढ़ेगा। गाजियाबाद प्रदेश की विकास धुरी है। अगर गाजियाबाद आगे बढ़ेगा तो पूरे देश की विकास गति तेज होगी।

योगी का जनता से वादा : सरकार और जनता मिलकर लिखेंगी विकास गाथा

• कार्यक्रम में सीएम योगी ने जनता से सुझाव मांगने की अनूठी पहल की।

• लोग अपने सुझाव सीधे मुख्यमंत्री पोर्टल पर भेज सकते हैं।

• सुझाव पोस्टकार्ड के जरिए भी भेजे जा सकते हैं।

• बेहतरीन सुझावों को लागू करने के साथ पुरस्कार भी दिए जाएंगे।