रामलीला और रावण दहन के दौरान जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने दिए सख्त निर्देश

  • जिलाधिकारी की अध्यक्षता में दशहरा पर्व की सुरक्षा और सुचारु आयोजन हेतु क्रियान्वयन बैठक
  • रामलीला मंचन और रावण दहन के दौरान सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता
  • जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया, पुलिस और नगर निकायों को स्पष्ट दिशा-निर्देश
  • रामलीला आयोजन स्थलों की पूरी जानकारी रखी जाए और समितियों द्वारा कार्य समय पर पूरे किए जाएं

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। महात्मा गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट में मंगलवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ की अध्यक्षता में दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने हेतु क्रियान्वयन बैठक आयोजित हुई। बैठक में सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और बिजली-पानी जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके क्षेत्रों में कितनी जगहों पर रामलीला का आयोजन हो रहा है, इसकी पूरी जानकारी रखी जाए। उन्होंने कहा कि रामलीला मंचन से पहले समितियों द्वारा की जाने वाली सभी कार्यवाहियां समय पर पूरी हों। समितियों के अध्यक्षों व सचिवों के साथ बैठक कर सुरक्षा और सुविधा से जुड़ी गाइडलाइंस साझा की जाएं। उन्होंने मोदीनगर और लोनी तहसील के उप जिलाधिकारियों, सम्बंधित एसीपी व ईओ को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के लिए निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने साफ कहा कि दर्शकों की सुरक्षा और सुविधा से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस विभाग को सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन, नगर निकायों को सफाई, पेयजल व शौचालय, विद्युत विभाग को सप्लाई और तारों को सुरक्षित ढंग से व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।

साथ ही दशहरे के दिन रावण दहन स्थल के आसपास लटकते तारों को हटाने और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। फायर सेफ्टी और मेडिकल इमरजेंसी के लिए भी विशेष इंतज़ाम करने के आदेश दिए गए। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने पुलिसकर्मियों, सिविल डिफेंस और आयोजनकर्ताओं को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आयोजन के दौरान महिलाओं की सुरक्षा में कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि रामलीला मंचन वाले क्षेत्रों में मदिरा मॉडल शॉप्स के बाहर कोई भी व्यक्ति शराब पीते हुए न पाया जाए। ऐसे मामलों में तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए। इसी प्रकार आयोजनों, जुलूसों और रैलियों में डीजे की आवाज और ऊँचाई (हाइट) नियमों से अधिक नहीं होनी चाहिए।

डीजे संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें सीमा से अवगत कराया जाएगा। दशहरा पर्व को देखते हुए जिलाधिकारी ने प्रसिद्ध माता मंदिरों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सफाई व्यवस्था, रोशनी और भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। बैठक में एडीएम ई रणविजय सिंह, डीसीपी सुरेन्द्र नाथ तिवारी, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. सन्तोष उपाध्याय, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम लोनी दीपक सिंघनवाल, अपर नगर आयुक्त, एसडीएम सदर अरुण दीक्षित, एसडीएम मोदीनगर अजीत सिंह, आईएएस अयान जैन, डीडीओ प्रज्ञा श्रीवास्तव, जिला सूचना अधिकारी योगेन्द्र प्रताप सिंह, एसीएमओ डॉ. अमित विक्रम सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।