बरेली के बाद मोदीनगर में सड़क के बीच लगे आपत्तिजनक पोस्टर, पुलिस ने आनन-फानन में हटवाए

-लोकल इंटेलीजेंस यूनिट की लापरवाही: रातों रात पोस्टर लगे, किसी का ध्यान नहीं गया

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कानपुर और बरेली में आपत्तिजनक पोस्टरों के मामलों के बीच मोदीनगर की आदर्श नगर और किदवई नगर कॉलोनियों में रातोंरात आपत्तिजनक पोस्टर लगाए गए। पुलिस और लोकल इंटेलीजेंस यूनिट (एलआईयू) की सुस्ती के कारण ये पोस्टर कुछ समय तक बने रहे। मामले की जानकारी बजरंग दल के पदाधिकारियों को हुई, जिन्होंने तुरंत पुलिस अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस ने आनन-फानन में पोस्टर हटवाए और मामले की जांच शुरू कर दी। यह स्पष्ट है कि पोस्टर सड़क के बीच और कॉलोनियों की प्रमुख जगहों पर लगाए गए थे, जिससे शहर का माहौल अस्थिर होने की संभावना बनी। पिछले कुछ समय में कानपुर में ऐसे आपत्तिजनक पोस्टर लगाए जाने के बाद मुकदमे दर्ज किए गए थे, वहीं बरेली में इनके विरोध में पथराव और हंगामा हुआ था। मोदीनगर में भी इसी तरह के पोस्टर लगाए गए, जिनमें आदर्श नगर की गली नंबर-4 और किदवई नगर कॉलोनी की गुरुद्वारा रोड शामिल है।

किसी असामाजिक तत्व द्वारा यह कदम उठाकर माहौल खराब करने की कोशिश की गई। जब बजरंग दल के पदाधिकारी मधुर नेहरा और शुभम शर्मा को पोस्टरों की जानकारी हुई, उन्होंने वीडियो और फोटो पुलिस अधिकारियों को उपलब्ध कराए और चेतावनी दी कि अगर पुलिस ने इन्हें नहीं हटाया, तो वे स्वयं कार्रवाई करेंगे। मामला गंभीर होने के कारण डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी और एसीपी अमित सक्सेना सहित पुलिस के उच्चाधिकारी सक्रिय हो गए। मोदीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पोस्टर हटवाए।

एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि पोस्टर किसने लगाए, यह पता लगाया जा रहा है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने मोदीनगर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा और शांति के सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने जनता को आश्वासन दिया है कि भविष्य में ऐसे मामलों पर सतर्कता बढ़ाई जाएगी और किसी भी असामाजिक तत्व को कानून हाथ में लेने का मौका नहीं मिलेगा।