राजनगर एक्सटेंशन में 18 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण शुरू, मिट्टी भराई और सीवर लाइन बिछाई जा रही

-जीडीए के चीफ इंजीनियर ने लिया जायजा, अधिकारियों के साथ मौके पर निरीक्षण
-किसानों की सहमति से 700 मीटर सड़क का निर्माण शुरू, बंधा रोड से नूरनगर तक सड़कों का विकास

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन में अग्रवाल हाईट से भट्टा नंबर-5 तक जाने वाली 18 मीटर चौड़ी सड़क के निर्माण के लिए मिट्टी भराई का काम शुरू हो गया है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा क्षेत्र में सड़कों के निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है। शनिवार को जीडीए के प्रभारी चीफ इंजीनियर आलोक रंजन अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और मिट्टी भराई के कार्य का जायजा लिया। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने हाल ही में राजनगर एक्सटेंशन की सड़कों के निर्माण कार्यों की समीक्षा की थी और इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं। राजनगर एक्सटेंशन में अग्रवाल हाईट से भट्टा नंबर-5 की ओर जाने वाली ग्राम मोरटी की खसरा संख्या-98 की अधिगृहीत भूमि पर 30 मीटर लंबी सड़क का चिन्हांकन कर मिट्टी भराई का कार्य शुरू कर दिया गया है। यह कार्य किसानों की सहमति मिलने के बाद आरंभ किया गया। जीडीए के चीफ इंजीनियर आलोक रंजन ने बताया कि लगभग 700 मीटर के हिस्से में सड़क निर्माण किसानों के विरोध के कारण रुका हुआ था। जीडीए उपाध्यक्ष को इसकी जानकारी दी गई थी।

बंधा रोड से नूरनगर तक 18 मीटर चौड़ी सड़क पर मिट्टी भराई और सीवर लाइन बिछाई जा रही है। रिवर हाईट सोसाइटी के पास निर्मित 24 मीटर चौड़ी सड़क से ग्राम नूरनगर तक सड़क निर्माण कार्य जारी है। राजनगर एक्सटेंशन की मुख्य सड़क, जो ग्राम सिकरोड़ से मेरठ रोड तक जाती है, में 900 मीटर लंबी सड़क का निर्माण विधायक अजितपाल त्यागी ने हाल ही में नारियल फोड़कर शुरू कराया था। हम-तुम रोड का चौड़ीकरण जल्द शुरू होगा। आउटर रिंग रोड की 45 मीटर चौड़ी सड़क को 60 मीटर चौड़ी बनाने का सर्वे कार्य पूरा हो चुका है। भूमि अधिग्रहण होते ही निर्माण कार्य शुरू होगा। हिमालयन सोसाइटी के पीछे 24 मीटर चौड़ी सड़क पर कमिश्नरेट पुलिस ऑफिस की बाधा जल्द दूर होगी। आंतरिक सड़कें और सोसायटी के लिए सुधार कार्य होंगे। सोना पैलेस से आशियाना चौक होते हुए गुलमोहर गार्डन के पीछे की 45 मीटर चौड़ी सड़क का सुदृढ़ीकरण होगा।

जीडी गोयनका स्कूल के सामने स्टेडियम तक जाने वाली सड़क का सुदृढ़ीकरण, बंधा रोड अजनारा इंटीग्रिटी से अजनारा फ्रेग्रेंसी तक 45 मीटर चौड़ी सड़क का सुदृढ़ीकरण, गोल चक्कर चौराहे से अग्रवाल हाईट के आगे तक 30 मीटर चौड़ी सड़क का सुदृढ़ीकरण, इन कार्यों के लिए नगरीय अवस्थापना मद से टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कराया जाएगा। अग्रवाल हाईट से भट्टा नंबर-5 तक 30 मीटर चौड़ी सड़क बनने से क्षेत्रवासियों को जाम से मुक्ति और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा, श्रीराम हाईट सोसाइटी से भट्टा नंबर-5 को जोडऩे वाली 45 मीटर चौड़ी सड़क के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। जीडीए के प्रभारी चीफ इंजीनियर आलोक रंजन ने कहा कि राजनगर एक्सटेंशन में सड़क निर्माण कार्य हमारी प्राथमिकता में है।

किसानों की सहमति मिलने के बाद अग्रवाल हाईट से भट्टा नंबर-5 तक 30 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण शुरू कर दिया गया है। यह सड़क बनने से क्षेत्रवासियों को जाम से मुक्ति मिलेगी और आवागमन सुगम होगा। इसके अलावा अन्य सड़क निर्माण और सुदृढ़ीकरण कार्य भी तेजी से पूरे किए जाएंगे। इन परियोजनाओं के पूरा होने से राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में रहने वाले लोगों का जीवन स्तर बढ़ेगा। सड़कें विकसित होने से आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों में सुविधा, जाम मुक्त आवागमन और शहरी सौंदर्य में सुधार होगा।