-नशे में धुत ट्रक चालक की पत्नी ने आपा खोकर मारी वार, पुलिस ने किया खुलासा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नंदग्राम थाना क्षेत्र में एक घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जब ट्रक चालक मनीष (28) की उसकी पत्नी सुनीता ने ईंट से सिर पर वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने घटना के बाद सुनीता को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले का खुलासा शुक्रवार को एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया। जानकारी के अनुसार मनीष नशे का आदी था और अक्सर शराब के लिए घर में रखी वस्तुएँ तक बेच देता था। घटना वाली रात करीब 10 बजे, जब मनीष शराब पी रहा था, उसकी पत्नी सुनीता उसे देखने वहां पहुंची। मनीष ने सुनीता और उनके चार बेटियों को बदचलन और धंधे वाली कहकर अपमानित किया। इस अपमान और गुस्से में आकर सुनीता ने पास पड़ी ईंट उठाकर मनीष के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गई।
एसीपी उपासना पांडेय ने बताया कि मनीष का शव 29 सितंबर की सुबह भट्टा नंबर-5 के सामने खाली प्लॉट में मिला। मनीष मूलरूप से बागपत जिले के गांव बसौद का रहने वाला था। प्रारंभिक जांच में मनीष के दोस्तों भोला और अक्षय को नामजद किया गया था, लेकिन पूछताछ में उनकी भूमिका संदिग्ध नहीं मिली। जांच का रुख धीरे-धीरे सुनीता की ओर मुड़ गया। सुनीता के कबूलने पर पुलिस ने उसके पास से घटना के समय पहने कपड़े बरामद किए।
पुलिस पूछताछ में सुनीता ने बताया कि वह पहले से शादीशुदा थी और उसके पूर्व पति के अत्याचारों से तंग आकर अपने पांच बच्चों को लेकर मनीष के साथ गाजियाबाद आ गई थी। दोनों ने मंदिर में शादी कर ली थी। उसने बताया कि मनीष भी नशे का आदी था और घर पर रहने के बजाय दिन-रात शराब और दोस्तों के साथ समय बिताता था।
हत्याकांड की रात मनीष ने घर में रखे फ्रिज को बेच दिया, जिस पर सुनीता ने आपत्ति जताई। नशे में धुत मनीष ने सुनीता और उनकी बेटियों को अपमानित किया, जिससे क्रोधित होकर सुनीता ने पास पड़ी ईंट से वार कर मनीष की हत्या कर दी। घटना के बाद सुनीता ने खुद को बचाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए मनीष के दोस्तों का नाम लिखकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने बताया कि सुनीता जैसे ही अपने कमरे से सामान लेने पहुंची, तब उसे गिरफ्तार किया गया। उसके निशानदेही पर पुलिस ने खून से सने कपड़े बरामद किए। सुनीता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। एसीपी उपासना पांडेय ने कहा कि यह मामला घरेलू विवाद का दुखद परिणाम है, लेकिन पुलिस की त्वरित जांच और संदिग्धों की सही पहचान ने हत्यारे को पकड़ा। उन्होंने जनता से अपील की कि घरेलू विवाद की स्थिति में शांति बनाए रखें और तुरंत पुलिस की सहायता लें, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
















