कौशांबी सेंट्रल पार्क में विकास कार्यों का शुभारंभ

-क्षेत्रीय पार्षद कुसुम मनोज गोयल और समाजसेवी सतीश रोहतगी ने किया उद्घाटन
-वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, पार्क में सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के विस्तार का कार्य तेजी से जारी

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कौशांबी क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित विकास कार्यों को नई गति मिल गई है। क्षेत्रीय पार्षद कुसुम मनोज गोयल के प्रयासों से कौशांबी सेंट्रल पार्क में मरम्मत और सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्यों का शुभारंभ रविवार को विधिवत रूप से किया गया। शुभारंभ का कार्य समाजसेवी सतीश रोहतगी ने नारियल फोड़कर किया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, वरिष्ठ भाजपा नेता और समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पार्क में बने चबूतरे पर कौशांबी लिखा हुआ स्तंभ स्थानीय पहचान का प्रतीक है, जिसके आस-पास के क्षेत्र का पुनर्निर्माण और रंगाई-पुताई कार्य शुरू हो चुका है। मंदिर के पीछे बने हाल के रिपेयर और नवीनीकरण का भी कार्य इसी क्रम में कराया जा रहा है। पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल ने जानकारी दी कि पिछले कुछ महीनों में पार्क के कई हिस्सों में आवश्यक मरम्मत कार्य पूरे किए जा चुके हैं। पार्क में लगे बेंचों की रिपेयर और रंगाई, हटों की मरम्मत एवं पुताई, झूलों की मरम्मत और फुटपाथ पर लाइटें लगाने का कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि पार्क में शेष बची लाइटें भी बहुत जल्द लगा दी जाएंगी। इसी क्रम में मंदिर के पीछे के हाल के मरम्मत कार्य की शुरुआत की गई है, ताकि नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों का फूल-माला पहनाकर सम्मान किया और उन्हें पार्क में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह पार्क केवल मनोरंजन का स्थान नहीं, बल्कि सामाजिक मेलजोल और सामुदायिक कार्यक्रमों का केंद्र है। उन्होंने नगर निगम की टीम और संबंधित अधिकारियों के सहयोग की सराहना की तथा विशेष रूप से महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक का धन्यवाद ज्ञापित किया, जिनके सहयोग से यह कार्य संभव हुआ। इस अवसर पर पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल ने कहा कि क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनका प्राथमिक उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि जल्द ही पार्क में फिटनेस जोन, ओपन जिम और नई हरियाली परियोजनाओं की शुरुआत की जाएगी, जिससे यह पार्क पूरे ट्रांस हिंडन क्षेत्र का आकर्षण केंद्र बनेगा।

कार्यक्रम में समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनमें राकेश जकेतिया, मनीष जैन, गौरव वर्मा, जयपुरिया के अध्यक्ष के.एल. सचदेवा, वरिष्ठ भाजपा नेता अवधेश कटिहार, पवन गुप्ता, सरदार जसपाल सिंह, कमल गुप्ता, ललित नरेंद्र सिंह, राज शर्मा, महाराज सिंह, पवन सैनी, गौतम कुमार, जोगिंदर सिंह, प्रेम गोगिया, मनीष मैरोडिया, देव घटक और सुब्रतो चौधरी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे। पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने कहा कि नगर निगम और नागरिकों के संयुक्त प्रयास से कौशांबी सेंट्रल पार्क को एक आदर्श हरित स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा, जहाँ लोग सुबह-शाम स्वच्छ वातावरण में समय बिता सकें। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे पार्क की स्वच्छता और रखरखाव में सहयोग करें, ताकि यह सुंदरता लंबे समय तक बनी रहे। कौशांबी सेंट्रल पार्क में हो रहे इन कार्यों से स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है। नागरिकों ने पार्षद और नगर निगम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल क्षेत्र की सुंदरता और जीवनस्तर दोनों को ऊँचा उठाएगी। यह आयोजन न केवल विकास कार्यों का शुभारंभ था, बल्कि सामुदायिक एकता और सहभागिता का प्रतीक भी बन गया।