-पार्षद कुसुम गोयल, डॉ. मनोज गोयल और थाना अध्यक्ष अजय शर्मा ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ, वासु चौधरी ने दिया सहयोग
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। समाज में सेवा और मानवता का संदेश देने के उद्देश्य से लव केयर फाउंडेशन द्वारा कौशांबी सेंट्रल पार्क में वार्षिक परंपरा के तहत एक भव्य भोजन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लगभग 1000 बच्चों को स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन कराया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय पार्षद कुसुम गोयल, पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल और कौशांबी थाना अध्यक्ष अजय शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर और नारियल फोड़कर किया। यह कार्यक्रम नेक्स्ट स्टेप इंजीनियरिंग नोएडा के डायरेक्टर वासु चौधरी के सहयोग से संपन्न हुआ। फाउंडेशन की इस पहल का उद्देश्य समाज में सेवा, एकता और करुणा का संदेश फैलाना था। कार्यक्रम में बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और उत्साह साफ झलक रहा था।
फाउंडेशन के प्रमुख डॉ. संजू दादरू ने बताया कि लव केयर फाउंडेशन हर वर्ष ऐसे सामाजिक और मानवीय कार्यों का आयोजन करता है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्था का उद्देश्य सिर्फ जरूरतमंदों की सहायता करना नहीं, बल्कि समाज में संवेदनशीलता और आपसी सहयोग की भावना को बढ़ाना है। हम कई अन्य स्थानों पर भी इसी तरह के कार्यक्रम करते हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सहायता पहुंचाई जा सके। कार्यक्रम में उपस्थित पार्षद कुसुम गोयल ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज की सच्ची सेवा का उदाहरण हैं। उन्होंने लव केयर फाउंडेशन की टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह कार्य न केवल बच्चों को खुशी देता है, बल्कि पूरे समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने उपस्थित सभी सदस्यों से आग्रह किया कि वे समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएं।
पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल ने कहा कि कौशांबी क्षेत्र हमेशा से सामाजिक और मानवीय कार्यों में अग्रणी रहा है। उन्होंने कहा कि जब समाज के सक्षम लोग दूसरों के लिए आगे आते हैं, तो यही असली विकास और मानवता का उदाहरण होता है। कौशांबी थाना अध्यक्ष अजय शर्मा ने भी लव केयर फाउंडेशन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में भाईचारे और सद्भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को खुश देखकर उन्हें भी अपार संतोष मिला है। इस अवसर पर अनेक गणमान्य लोग और समाजसेवी उपस्थित रहे जिनमें राकेश जकेतिया, शिक्षाविद एवं प्लॉट एरिया की सचिव उर्मिल अरोड़ा, भाजपा नेता अवधेश कटियार, करवा के फाउंडर मेंबर कनक मित्तल, रिटायर्ड इंजीनियर एवं पर्वतारोही पवन सैनी, पत्रकार जुबेर, कमल गुप्ता, पवन गुप्ता, रीमा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने हर्षोल्लास से भोजन ग्रहण किया और स्वयंसेवकों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। पार्क का माहौल आनंद और उत्सव में तब्दील हो गया। सभी अतिथियों ने लव केयर फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना की और कहा कि इस तरह की सामाजिक पहलें समाज में सेवा ही सबसे बड़ा धर्म का वास्तविक अर्थ जीवंत कर देती हैं। इस आयोजन के माध्यम से एक बार फिर यह संदेश गया कि जब समाज के लोग मिलकर सेवा का संकल्प लेते हैं, तो बदलाव निश्चित होता है और कौशांबी इस बदलाव का जीवंत उदाहरण बनता जा रहा है।

















