- सीएफओ राहुल पाल की अगुवाई में फायर सर्विस ने सुरक्षा के नए मानदंड स्थापित किए
- जन जागरूकता अभियान: क्रॉसिंग रिपब्लिक, ट्रोनिका सिटी और इंदिरापुरम में आयोजित मॉक ड्रिल
- अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण: उपस्थित लोगों को दी गई आपातकालीन प्रतिक्रिया और उपकरणों का उपयोग की जानकारी
- छोटी-मोटी आगजनी पर नियंत्रण: नागरिक खुद कर सकेंगे प्रभावी कार्रवाई
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। दीपावली का त्यौहार जैसे-जैसे करीब आ रहा है, शहर के विभिन्न विभाग पूरी सजगता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाह कर रहे हैं। इस दौरान सबसे सक्रिय और तत्पर दिखाई देने वाला विभाग है गाजियाबाद फायर सर्विस है। विशेष रूप से मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) राहुल पाल की अगुवाई में फायर सर्विस की टीम ने आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए न केवल सघन तैयारियों को अंजाम दिया है, बल्कि लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए विशेष अभियान भी चलाया। राहुल पाल की कार्यशैली इस अवसर पर कुछ अलग ही देखने को मिली। उन्होंने अपने कर्मचारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सिर्फ आग लगने पर प्रतिक्रिया देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लोगों को आग लगने की स्थिति में खुद सुरक्षित और प्रभावी ढंग से प्रतिक्रिया करने में सक्षम बनाना भी हमारी जिम्मेदारी है। इसके तहत फायर सर्विस की टीम ने विभिन्न आवासीय सोसाइटी और कॉम्प्लेक्स में मॉक ड्रिल आयोजित की।
रविवार को आयोजित इस जागरूकता अभियान और मॉक ड्रिल में क्रॉसिंग रिपब्लिक स्थित किंग्स फोर्ट आवासीय भवन, ऐसोटेक टेक द नेस्ट, ट्रोनिका सिटी का द एलेन कोर्ट और इंदिरापुरम स्थित ऑरेंज काउंटी सोसायटी शामिल रही। इन मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को अग्नि सुरक्षा के मूल सिद्धांतों और आपातकालीन स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया करने की तकनीकों से अवगत कराना था।
फायर सर्विस की टीम ने उपस्थित लोगों को आग लगने की स्थिति में प्राथमिक प्रतिक्रिया, अग्निशमन उपकरणों का सही उपयोग और सुरक्षित निकासी के तरीके समझाए। उपस्थित स्टाफ और नागरिकों ने आग बुझाने का अभ्यास किया, ताकि वास्तविक आपात स्थिति में वे प्रभावी ढंग से काम कर सकें। राहुल पाल ने बताया कि इस अभियान के तहत हम छोटे-मोटे हादसों को रोकने में भी लोगों की मदद कर रहे हैं, जिससे नागरिक खुद ही आगजनी की घटनाओं को नियंत्रण में ला सकें।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने कहा कि हमारी कोशिश है कि दीपावली पर होने वाली संभावित आगजनी की घटनाओं को न्यूनतम किया जा सके। हमारी टीम 24 घंटे सजग है और हर संभव तैयारी की गई है। साथ ही हम नागरिकों को भी प्रशिक्षित कर रहे हैं ताकि वे आपातकालीन स्थिति में हिम्मत और समझदारी के साथ निर्णय ले सकें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आगजनी रोकने की यह पहल केवल फायर सर्विस की नहीं है, बल्कि यह नागरिकों और अधिकारियों के सहयोग से ही संभव है। इस अभियान में उपस्थित नागरिकों ने भी इसका स्वागत किया। उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल से उन्हें यह सीख मिली कि आग लगने पर किस तरह सही समय पर उचित उपकरणों का उपयोग और सुरक्षित निकासी की जा सकती है। फायर सर्विस की टीम ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और वरिष्ठ नागरिकों को अग्नि सुरक्षा के प्रति प्रशिक्षित किया।
राहुल पाल के नेतृत्व में यह अभियान यह साबित करता है कि गाजियाबाद फायर सर्विस केवल आग बुझाने तक सीमित नहीं है। यह विभाग नागरिक सुरक्षा, जागरूकता और प्रशिक्षण के क्षेत्र में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि दीपावली पर्व जैसे उत्सव के दौरान शहर में छोटे-छोटे हादसों को रोकने के लिए हमारी पूरी टीम सजग है और लगातार तैयारियों में लगी हुई है। इस तरह, मॉक ड्रिल और जागरूकता अभियान के माध्यम से फायर सर्विस ने यह संदेश दिया कि आगजनी की घटनाओं को रोकना केवल अधिकारियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि नागरिकों की भी जिम्मेदारी है। सही प्रशिक्षण, जागरूकता और तत्परता के माध्यम से गाजियाबाद में दीपावली को सुरक्षित और हर्षोल्लासपूर्ण बनाने का संकल्प लिया गया है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ)
दीपावली पर्व खुशी और रोशनी का पर्व है, लेकिन इस दौरान आगजनी की घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। हमारी प्राथमिकता हमेशा लोगों की सुरक्षा रही है। इसलिए हम न केवल आपातकालीन परिस्थितियों में तुरंत कार्रवाई के लिए तैयार हैं, बल्कि लोगों को जागरूक करना और उन्हें स्वयं छोटी-मोटी आग को संभालने का प्रशिक्षण देना भी हमारी जिम्मेदारी है। मॉक ड्रिल और जागरूकता कार्यक्रम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। हमारा उद्देश्य है कि प्रत्येक नागरिक अग्नि सुरक्षा के मूल सिद्धांतों को समझे और किसी भी आपातकाल में सही ढंग से प्रतिक्रिया कर सके। दीपावली पर सुरक्षित वातावरण बनाने के लिए हमारी टीम पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रही है और हम चाहते हैं कि हर परिवार और समुदाय सुरक्षित पर्व का आनंद ले सके।
राहुल पाल
मुख्य अग्निशमन अधिकारी

















