-सार्वजनिक एवं औद्योगिक हित में व्यापारियों के मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा, चार्ज में संशोधन का आश्वासन
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास, निर्यात संवर्धन, एनआरआई और निवेश प्रोत्साहन मंत्री नंद गोपाल नंदी से समरकूल ग्रुप के चेयरमैन एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता संजीव कुमार गुप्ता ने दिल्ली में हाल ही में भेंट की। इस मुलाकात का उद्देश्य आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं देना और उद्योगों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा करना था। इस अवसर पर उद्यमी संजय कुमार गुप्ता ने मंत्री नंद गोपाल नंदी को औद्योगिक क्षेत्रों में व्यापार और औद्योगिक विकास से जुड़े मुद्दों पर अवगत कराया। उन्होंने विशेष रूप से सरकार द्वारा औद्योगिक रखरखाव के लिए 72 रुपये प्रति वर्ग मीटर चार्ज लगाने के संबंध में चिंता व्यक्त की और संशोधन के लिए ज्ञापन सौंपा। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि यह चार्ज कई छोटे और मध्यम उद्यमियों के लिए बोझ बन रहा है और इसमें तुरंत संशोधन आवश्यक है, ताकि औद्योगिक माहौल को निवेश अनुकूल बनाया जा सके।
इस पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नंद गोपाल नंदी ने उद्यमियों को राहत का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि सरकार उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से ले रही है और जल्द ही चार्ज में आवश्यक संशोधन किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास के क्षेत्र में सरकार हमेशा उद्यमियों के साथ है और उनके हित में उचित निर्णय लेने के लिए तत्पर है। मुलाकात के दौरान संजीव कुमार गुप्ता ने प्रदेश में औद्योगिक विस्तार, रोजगार सृजन, निवेश प्रोत्साहन और निर्यात संवर्धन जैसे विषयों पर भी चर्चा की। उन्होंने मंत्री से आग्रह किया कि औद्योगिक इकाइयों की सुविधा और रखरखाव संबंधी नीतियों में सुधार किया जाए, ताकि उद्योगों का विकास तेजी से हो और रोजगार के अवसर बढ़ें।
इस अवसर पर संजीव कुमार गुप्ता के साथ उनके सहयोगी तरूण ढींगरा भी उपस्थित रहे, जिन्होंने उद्योग जगत से जुड़े विभिन्न मुद्दों और समाधान के सुझावों को मंत्री के समक्ष रखा। बैठक में व्यापार और औद्योगिक विकास को लेकर दोनों पक्षों के बीच खुले और सकारात्मक विचार-विमर्श का माहौल रहा। संजय कुमार गुप्ता ने बैठक के बाद कहा कि यह मुलाकात उद्यमियों और सरकार के बीच विश्वास और सहयोग को और मजबूत करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही औद्योगिक चार्ज में संशोधन होने से छोटे और मध्यम उद्यमियों को राहत मिलेगी और निवेश में वृद्धि के नए अवसर पैदा होंगे।
मंत्री नंद गोपाल नंदी ने भी उद्यमियों से संवाद के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि सरकार हमेशा व्यवसायिक समुदाय के हित में सक्रिय रूप से कदम उठाती रहेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि उद्योगों के विकास और व्यापारिक माहौल को सुधारने के लिए सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। इस बैठक से यह संदेश मिला कि सरकार और उद्योग जगत मिलकर उत्तर प्रदेश को निवेश अनुकूल और औद्योगिक दृष्टि से मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जिससे प्रदेश में आर्थिक विकास और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

















