दीपावली पर गाजियाबाद के बाजारों में दिखेगा चमक-दमक और स्वच्छता का अनोखा संगम

-नगर निगम की पहल: व्यापारियों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग, शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की मुहिम को बढ़ाया सहयोग
-स्वच्छता और सुंदरता के मानकों के साथ व्यापारियों ने सजाई अपने बाजार, पुरस्कार वितरण के लिए तैयारियों का दौर
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। दीपों के इस पर्व को और अधिक उज्ज्वल और प्रेरणादायक बनाने के लिए नगर निगम ने शहर के व्यापारियों के साथ मिलकर एक विशेष पहल की है। नगर निगम मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित बैठक में दीपावली डेकोरेशन प्रतियोगिता को लेकर सभी पांचों जोनों सहित इंदिरापुरम क्षेत्र के व्यापारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने की, जबकि अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, प्रभारी प्रकाश आश कुमार, समस्त जोनल प्रभारी और निगम की टीम उपस्थित रही। नगर आयुक्त ने बताया कि दीपावली महापर्व न केवल रोशनी और खुशियों का पर्व है, बल्कि स्वच्छता और सौंदर्य का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नगर निगम जन सहभागिता को केंद्र में रखकर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। इसी उद्देश्य से दीपावली डेकोरेशन प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है, जिसमें शहर के बाजारों को सजाने, स्वच्छ रखने और अतिक्रमण मुक्त बनाने की पहल की जाएगी।
नगर आयुक्त ने बताया कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से व्यापारियों को अपने बाजारों को न केवल आकर्षक बनाना होगा, बल्कि स्वच्छता और सुंदरता का संदेश भी देना होगा। प्रतियोगिता में पांच प्रमुख मानक रखे गए हैं बाजारों की सजावट और प्रकाश प्रदर्शन, रंगीन रोशनी, दीपावली की थीम आधारित सजावट, अनूठी अवधारणा का चयन और स्वच्छता-सुंदरता का जन संदेश। अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव और प्रभारी प्रकाश आश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता के मूल्यांकन के लिए विशेष पैरामीटर तय किए गए हैं। इनमें बाहरी सजावट, लाइटिंग, प्रवेश द्वार की थीम, बाजारों की स्वच्छता और रखरखाव, अतिक्रमण की अनुपस्थिति, नवाचार तत्व और थीम अनुपालन को शामिल किया गया है। प्रतियोगिता के परिणामस्वरूप स्वर्ण, रजत, कांस्य और नवाचार तत्व श्रेणी में पुरस्कार दिए जाएंगे। सभी प्रतिभागी व्यापार मंडलों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। बैठक में नगर आयुक्त ने स्वास्थ्य विभाग और प्रकाश विभाग को विशेष निर्देश दिए कि शहर की स्वच्छता और सौंदर्य को बनाए रखने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
उन्होंने कहा कि मुख्य मार्गों के साथ-साथ आंतरिक वार्डों में भी दीपावली की सजावट की जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि शहर का हर कोना प्रकाश और स्वच्छता से दमक उठे। महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के संयुक्त दिशा-निर्देशों के तहत नगर निगम ने यह मुहिम शुरू की है ताकि नागरिकों को शहर की सुंदरता और स्वच्छता से जोड़ा जा सके। नगर आयुक्त ने कहा कि जब नागरिक स्वयं इस अभियान का हिस्सा बनते हैं, तो शहर न केवल रोशनी से बल्कि सहयोग और जागरूकता से भी जगमगाने लगता है।
बैठक में लगभग 30 व्यापार मंडलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे जिनमें चोपला दिल्ली गेट व्यापार मंडल, लोहा मंडी व्यापार मंडल, अखिल भारतीय व्यापार मंडल, वैशाली उद्योग व्यापार मंडल सेक्टर 4, शास्त्री नगर व्यापार मंडल, लघु उद्योग व्यापार मंडल शालीमार गार्डन, राष्ट्रीय व्यापार मंडल भोपुरा डीएलएफ, उद्योग व्यापार मंडल प्रताप विहार विजय नगर, इंदिरापुरम व्यापार मंडल और बृज विहार व्यापार मंडल सहित कई अन्य शामिल थे। बैठक के दौरान व्यापारियों ने शहर हित में अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए, जिन पर नगर आयुक्त ने तत्काल कार्यवाही के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। नगर निगम का यह प्रयास न केवल दीपावली की जगमगाहट बढ़ाने वाला है, बल्कि स्वच्छ, सुंदर और जन-सहभागिता से प्रेरित गाजियाबाद के निर्माण की दिशा में एक सराहनीय कदम भी है।