दीपावली पर गाजियाबाद रहेगा ‘फायर सेफ’- सीएफओ राहुल पाल की मुस्तैदी से जनता निश्चिंत

• सड़क से सोसायटी तक सुरक्षा की कवचबंदी, दमकल दल 24 घंटे अलर्ट मोड पर

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। दीपावली की जगमग रोशनी में हर घर खुशियों से दमके, लेकिन कोई हादसा इन खुशियों को राख में न बदल दे। इसके लिए गाजियाबाद अग्निशमन विभाग ने इस बार अभूतपूर्व तैयारी की है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) राहुल पाल की सजगता और योजनाबद्ध कार्यशैली ने पूरे जिले में सुरक्षा का ऐसा जाल बिछाया है, जिससे यह कहा जा सकता है कि इस बार दीपावली फायर सेफ गाजियाबाद के नाम रहेगी। सीएफओ राहुल पाल के निर्देश पर दीपावली पर्व के दौरान 18 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक अग्निशमन विभाग अलर्ट मोड में रहेगा। जिले के 14 प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां 24 घंटे तैनात रहेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में फौरन पहुंचा जा सके। राहुल पाल ने बताया कि हमारा उद्देश्य सिर्फ आग बुझाना नहीं, बल्कि आग लगने की संभावना को पहले ही समाप्त करना है। दीपावली के अवसर पर किसी भी व्यक्ति या परिवार को असुरक्षित महसूस न हो, यही हमारी प्राथमिकता है। विभाग ने तंग बाजारों और संकरी गलियों में भी तेजी से कार्रवाई के लिए छोटी फायर गाडिय़ां और फायर बाइकें तैनात की हैं। शाम से रात तक फायर बाइकें गश्त करेंगी और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोगों को आग से बचाव के उपाय बताएंगी। सीएफओ राहुल पाल के निर्देशन में सभी फायर स्टेशनों को अलर्ट पर रखा गया है और प्रत्येक स्टेशन के प्रभारी को निर्देश दिया गया है कि किसी भी आपात सूचना पर मिनटों में कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जनजागरूकता से सुरक्षा की तैयार हो रही सबसे मजबूत ढाल
राहुल पाल का मानना है कि लोगों की जागरूकता ही आगजनी की सबसे बड़ी रोकथाम है। इसी सोच के तहत उन्होंने दीपावली से पहले ही जनजागरूकता अभियान की शुरुआत कर दी है। विभाग की टीम प्रतिदिन हाइराइज सोसायटी, स्कूल, कॉलेज और मॉल में जाकर आग से बचाव, गैस रिसाव की स्थिति में सतर्कता, और आपातकालीन पलायन मार्ग की जानकारी दे रही है। राहुल पाल खुद भी इन अभियानों में सक्रिय रूप से शामिल होते हैं, जिससे आमजन में यह संदेश जा रहा है कि विभाग केवल आदेश नहीं देता, बल्कि मैदान में उतरकर जनता के साथ खड़ा भी है। सीएफओ राहुल पाल ने सभी फायर स्टेशनों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक वाहन पर तैनात कर्मियों की नामवार ड्यूटी तय हो और सभी उपकरणों की रोज जांच की जाए। किसी भी प्रकार की घटना की सूचना मिलते ही मौके पर तुरंत और प्रभावी कार्रवाई की जाए। राहुल पाल ने कहा कि दीपावली खुशियों का पर्व है, इसे किसी की लापरवाही या असावधानी से दुखद घटना में नहीं बदलने देंगे। फायर टीम पूरी तैयारी के साथ मैदान में है।

बाजारों में गश्त और निगरानी का कड़ा इंतजाम
शाम चार बजे से रात दस बजे तक कोतवाली और वैशाली फायर स्टेशन की बाइक यूनिट्स बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार गश्त करेंगी। ये यूनिट्स न केवल निगरानी रखेंगी बल्कि लोगों को पटाखों, दीयों और सजावट के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में जागरूक भी करेंगी। सीएफओ राहुल पाल की सक्रियता और नेतृत्व में गाजियाबाद में इस बार दीपावली केवल उत्सव नहीं, बल्कि सुरक्षा का उत्सव बन गई है। उनके निर्देशन में हर कदम सोच-समझकर उठाया जा रहा है। चाहे वह बाजारों में आपातकालीन पलायन मार्ग की जांच हो, अस्थायी पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण हो या भीड़भाड़ वाले इलाकों में दमकल वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित करना। उन्होंने कहा कि हमारे लिए हर नागरिक की सुरक्षा सर्वोपरि है। दीपावली के इस पावन पर्व पर हम यह वादा करते हैं कि गाजियाबाद की रोशनी कभी बुझने नहीं देंगे।

सुरक्षित दीपावली के लिए अपील
फायर विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे पटाखों का सीमित उपयोग करें, सजावट में ज्वलनशील सामग्री से बचें, और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत फायर कंट्रोल रूम (101) पर संपर्क करें। सीएफओ राहुल पाल ने कहा कि उनकी टीम पूरी तरह से तैयार है, लेकिन सुरक्षा तभी संभव है जब जनता भी जिम्मेदारी निभाए। दीपावली की तैयारी और सुरक्षा के इस संगम में गाजियाबाद प्रशासन और अग्निशमन विभाग ने जो उदाहरण प्रस्तुत किया है, वह न केवल जिले के लिए बल्कि पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक है।

दीपावली पर गाजियाबाद के 14 स्थानों पर दमकल दल की विशेष तैनाती
• अटल चौक, वसुंधरा — फायर स्टेशन वैशाली से एक मोटर फायर इंजन मय यूनिट तैनात।
• काला पत्थर रोड, आदित्य मॉल, इंदिरापुरम — फायर स्टेशन वैशाली से एक मोटर फायर इंजन मय यूनिट।
• थाना खोड़ा — फायर स्टेशन वैशाली से एक मोटर बाइक मय यूनिट।
• थाना टीलामोड़, फरूखनगर — फायर स्टेशन साहिबाबाद से एक मोटर फायर इंजन मय यूनिट।
• शनि चौक, लाजपत नगर, साहिबाबाद — फायर स्टेशन साहिबाबाद से एक मोटर बाइक मय यूनिट।
• विजयनगर बाईपास (एनएच-24, थाना विजयनगर) — फायर स्टेशन कोतवाली से एक मोटर फायर इंजन मय यूनिट।
• थाना कासिंग रिपब्लिक — फायर स्टेशन कोतवाली से एक मोटर फायर इंजन मय यूनिट।
• पुराना बस अड्डा (कलेक्ट्रेट परिसर) — फायर स्टेशन कोतवाली से एक मोटर फायर इंजन मय यूनिट।
• राजनगर एक्सटेंशन (मेरठ तिराहा) — फायर स्टेशन कोतवाली से एक मोटर फायर इंजन मय यूनिट।
• चौपला घंटाघर — फायर स्टेशन कोतवाली से एक मोटर बाइक मय यूनिट।
• राजचौपला, मोदीनगर — फायर स्टेशन मोदीनगर से एक मोटर फायर इंजन मय यूनिट।
• थाना मुरादनगर — फायर स्टेशन मोदीनगर से एक मोटर फायर इंजन मय यूनिट।
• लोनी तिराहा — फायर स्टेशन लोनी से एक मोटर फायर इंजन मय यूनिट।
• डीएलएफ लोनी — फायर स्टेशन लोनी से एक मोटर फायर इंजन मय यूनिट।

राहुल पाल
मुख्य अग्निशमन अधिकारी

हमारा उद्देश्य सिर्फ आग बुझाना नहीं, बल्कि आग लगने की संभावना को पहले ही समाप्त करना है। दीपावली खुशियों का पर्व है, इसे किसी की लापरवाही या असावधानी के कारण दुखद घटना में नहीं बदलने देंगे। हमारी पूरी टीम दिन-रात अलर्ट मोड पर है। फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां, छोटी यूनिट्स और फायर बाइक्स लगातार गश्त पर रहेंगी। हमने हर बाजार, हर सोसायटी और संवेदनशील स्थान पर सुरक्षा के इंतज़ाम सुनिश्चित किए हैं। जनता से मेरी अपील है कि वे दीपावली पर पटाखों का सीमित उपयोग करें, सजावट में ज्वलनशील सामग्री से बचें, और किसी भी आपात स्थिति में फायर कंट्रोल रूम (101) पर तुरंत सूचना दें।
राहुल पाल
मुख्य अग्निशमन अधिकारी